कैबिनेट मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान का निधन…

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

सिमरन शर्मा, नई दिल्ली ,16 अगस्त : उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान का रविवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे कोरोना वायरस से संक्रमित थे। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका लखनऊ में महीने भर से इलाज चल रहा था। इसी दौरान उनकी किडनी में संक्रमण बढ़ जाने के कारण उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भेजा गया था। जहां तबियत बिगड़ने के बाद उनको वेंटीलेटर पर रखा गया, जिसके बाद उनका निधन हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में मंत्री रहे चेतन चौहान 73 साल के थे। वे जुलाई में कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। किडनी और बीपी संबंधी दिक्कतों के कारण उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मौत पर दुख जताया है और राजकीय शोक की घोषणा की है।

चेतन चौहान 11 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय था। चौहान के परिवार में उनकी पत्नी संगीता और बेटा विनायक है।

11 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाए जाने का बाद उन्हें लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था । इसके बाद उन्हें किडनी समस्या के कारण उन्हें वेंटीलेटर पर रख दिया गया,जिसके बाद कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था.बाद में उनका निधन हो गया।

इससे पहले भी दो अगस्त को प्रदेश सरकार की शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया था। आज की स्थिति में योगी कैबिनेट के छह मंत्री संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती है।

चौहान का पूरा नाम चेतेंद्र प्रताप सिंह चौहान है। इनका जन्म उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में हुआ था। इनके पिता आर्मी थे, जिसके कारण इनका स्थानांतरण पुणे में हो गया। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई पुणे के वाडिया कॉलेज से की। राजनीति में आने से पहले वे क्रिकेट में काफी सक्रिय थे। चेतन चौहान ने भारत की ओर से खेले गए 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट मैच में 2084 रन बनाए थे। उनका उच्च स्कोर 97 रन रहा। चौहान और सुनील गावस्कर की जोड़ी काफी सफल रही। दोनों ने मिलकर 10 शतकीय साझेदारी की। साथ ही 3 हज़ार से ज्यादा रन भी बनाए।

उन्होंने घरेलू क्रिकेट दिल्ली और महाराष्ट्र की टीम से खेले थे और उसे खेलते हुए अच्छे रन भी बनाये थे। चेतन ने सात एकदिवसीय मैचों में 153 रन बनाए। उन्होंने अपना पहला एक दिवसीय मैच 1 अक्टूबर 1978 को पाकिस्तान टीम के खिलाफ खेला था। चेतन ने अपना पहला टेस्ट मैच 25 दिसंबर 1969 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 13 मार्च 1981 को उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच भी न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ही खेला था। वह दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ में भी विभिन्न पदों पर रहे। अपने क्रिकेट कैरियर के दौरान उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की।

क्रिकेट से सन्यास लेकर उन्होंने राजनीति में भी सफल भूमिका निभाई। चौहान अमरोहा जिले के नौगांवा विधानसभा सीट से 2017 में विधायक चुने गए थे। अमरोहा से चौहान दो बार भाजपा के सांसद भी रह चुके हैं। साल 1991 और 1998 के चुनाव में वे भाजपा के टिकट अमरोहा से सांसद बने थे। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में लंबे वक्त से सक्रिय थे। वे बीजेपी से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।

योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर कैबिनेट मीटिंग बुला कर मंत्री चेतन चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की और 2 मिनट का मौन धारण किया।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.