बीजेपी के ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ में मोदी, शाह, शिवराज ने फूंका चुनावी बिगुल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

भोपाल, मध्यप्रदेश: मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। भाजपा महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष को जमकर निशाने पर लिया और भाजपा के दृष्टिकोण की बात की। पीएम मोदी ने वोट बैंक की राजनीतिक को दीमक जैसा बताया, तो वहीं शाह और शिवराज ने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया।

इस आयोजन को ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ का नाम दिया गया है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भोपाल के जंबूरी मैदान पर ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ का आयोजन किया गया है। इस मौके पर जंबूरी मैदान पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के एकत्रित हुए हैं। इस सभा स्थल को देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में ‘अटल महाकुंभ परिसर’ का नाम दिया गया है। सभा स्थल पर भाजपा के नेता स्वर्गीय अनिल माधव दवे के नाम पर एक प्रदर्शनी हॉल बनाया गया है। इस प्रदर्शनी में भाजपा के बड़े नेताओं की जीवन और उनकी उपलब्धियों को दिखाया गया है। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी, पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान शामिल हैं।

पीएम मोदी का संबोधन

कार्यकर्ता महाकुंभ के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘ हम कितने भाग्यवान है, पता नहीं किस जन्म में हमने कितने पुण्य किए होंगे कि हमें भी इस महान पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता के रूप में मां भारती की सेवा करने का मौका मिला।’ उन्होंने कहा कि 19 राज्यों में भाजपा की सरकार होना गौरव की बात है। लेकिन उससे भी बड़ा गौरव इस बात से है कि ये विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।

कांग्रेस बन गई बोझ

पीएम मोदी ने कहा कि सवा सौ साल पुरानी पार्टी में कुछ नहीं बचा है, कांग्रेस बोझ बन गई है। ये पार्टी हिंदुस्‍तान में गठबंधन करने में सफल नहीं हो रही है इसलिए भारत के बाहर गठबंधन खोजा जा रहा है। दुनिया के देश अब तय करेंगे कि भारत में प्रधानमंत्री कौन होगा? कांग्रेस पार्टी क्‍या हाल हो गया है आपका? क्‍या सत्‍ता खोने के बाद अपना संतुलन भी खो दिया? डिक्शनरी में कोई ऐसी गाली नहीं जो कांग्रेस ने मुझपर इस्तेमाल नहीं किया हो, ऐसा कोई मौका नहीं मिला जब हम पर कीचड़ नहीं उछाला गया है। लेकिन जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा। वोटबैंक की राजनीति की वजह से कांग्रेस तीन तलाक को खत्म नहीं होने देना चाहती है।

महात्मा गांधी, दीन दयाल, लोहिया को किया याद

पंडित दीन दयाल उपाध्याय को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके विचार ही हमारी प्रेरणा है। साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी, लोहिया और अटल जी को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘हमारे प्रिय अटल जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, राजमाता सिंधिया जी और हमारे लाखों मेहनती कार्यकर्ताओं ने इस भूमि की सेवा करने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। उनसे प्रेरणा लेते हुए, हम अपने देश के कल्याण की दिशा में काम करना जारी रखेंगे।’ उन्होंने कहा कि हम वो लोग है जिन्हें गांधी भी मंजूर है, राम मनोहर लोहिया भी मंजूर है और दीनदयाल उपाध्याय भी मंजूर है क्योंकि हम समन्वय, सामाजिक न्याय और सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करते हैं।

अमित शाह का संबोधन

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जीत का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, ‘आज हम सब संकल्प लेकर जाए कि आने वाले पांच विधानसभा चुनावों और 2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फिर से ऊंचा करने का काम करें।’ उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है।

मुख्यमंत्री का संबोधन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी और अमित शाह की तारीफ के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों एक साथ यहां मौजूद हैं, ये दुर्लभ संयोग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीए के समय प्रदेश को उसका हिस्सा 30 हजार करोड़ रुपए मिलता था लेकिन मोदी सरकार आने के बाद अब प्रदेश को 61 हजार करोड़ रुपए मिल रहे हैं। पहले रेलवे और सड़क के मामले में मप्र उपेक्षित था लेकिन आज हजारों करोड़ की परियोजनाएं मप्र में शुरू हुई। मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की जिससे अब गरीब लोगों को इलाज मिल रहा है। पीएम मोदी किसानों के लिए फसल बीमा योजना लेकर आए हैं जिसका फायदा किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भगवान के वरदान के रुप में मिले हैं।

राहुल को दिया करारा जवाब

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कुछ दिन पहले ‘बाबा” भी यहां आए थे, लेकिन उस समय भीड़ केवल सड़कों तक सीमित रह गई। कांग्रेस ने सभा के लिए हिम्मत भी की तो दशहरा मैदान की। उन्होंने कहा- हमें लगा कि बाबा परिपक्व हो गए होंगे, लेकिन वो देश को मजाक और राजनीति को तमाशा समझते हैं। मोदी जी को गले लगाने के बाद उन्होंने आंखों से जैसी हरकत की उससे पूरा देश शर्मसार हुआ। मध्यप्रदेश में वो शिवभक्त बनकर आए। कैलाश गए तो वहां के फोटो, वीडियो वायरल करते हो, जब विदेश जाते हो तो वहां के फोटो क्यों नहीं वायरल करते।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.