दिल्ली धमाका केस में बड़ा कदम: अल-फलाह यूनिवर्सिटी की AIU सदस्यता रद्द
लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए विस्फोट के बाद यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई, AIU ने तत्काल प्रभाव से सदस्यता खत्म की
-
लाल किला मेट्रो स्टेशन धमाके के बाद कार्रवाई तेज
-
अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी की सदस्यता रद्द की
-
जांच में यूनिवर्सिटी से जुड़े कई डॉक्टरों के नाम सामने आए
-
सदस्यता रद्द होने के बाद संस्थान मान्यता प्राप्त सूची से बाहर
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13 नवम्बर: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए धमाके के बाद जांच और प्रशासनिक कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) ने हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उसकी सदस्यता रद्द कर दी है।
AIU ने यह निर्णय धमाके के बाद सामने आई गंभीर जानकारियों और जांच एजेंसियों द्वारा यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ व्यक्तियों की गतिविधियों की पड़ताल के मद्देनज़र लिया है। सदस्यता खत्म होने के बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी अब AIU की मान्यता प्राप्त संस्थानों की सूची से बाहर हो गई है।
जांच में सामने आया कि दिल्ली धमाके के सिलसिले में जिन कुछ डॉक्टरों पर एजेंसियों की नजर है—जैसे डॉ. उमर-उन-नबी, डॉ. शाहिद, डॉ. निसार-उल-हसन और डॉ. मुजम्मिल वे सभी किसी न किसी रूप में अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े रहे हैं।
कभी अपने आधुनिक मेडिकल और अकादमिक ढांचे के लिए जानी जाने वाली यह यूनिवर्सिटी अब दिल्ली धमाके की जांच के बाद कठोर कार्रवाई के घेरे में आ गई है। मामले की आगे की छानबीन जारी है तथा एजेंसियां संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और संस्थान से उनके संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं।