ग्रेटर नोएडा में पंचायत के दौरान गोलीबारी: दो की मौत, तीन घायल
सैथली गांव में नाली विवाद ने लिया भयावह रूप, पुलिस ने जांच शुरू की
-
ग्रेटर नोएडा के सैथली गांव में नाली विवाद पर पंचायत के दौरान गोलीबारी।
-
फायरिंग में दो लोगों की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल।
-
घटना के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन।
-
पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित कीं, कुछ संदिग्ध हिरासत में।
समग्र समाचार सेवा
ग्रेटर नोएडा, 20 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा क्षेत्र स्थित सैथली गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नाली विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं। मामूली विवाद ने कुछ ही क्षणों में खूनी रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पंचायत में मची अफरा-तफरी, दो की मौत
ग्राम निवासी अनुप भाटी पुत्र बलवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिवार और गांव के कुछ लोगों के बीच नाली से पानी निकालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को पंचायत आयोजित की गई थी। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और तनाव की स्थिति बन गई। इसी बीच प्रिंस भाटी, बोबी तोंगड़ और मनोज नागर ने अचानक फायरिंग कर दी।
गोली लगने से अनुप भाटी के भतीजे 21 वर्षीय दिपांशु भाटी और भाई 55 वर्षीय अजयपाल भाटी की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की तत्परता और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना जारचा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार जांच टीमें गठित की हैं और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में गांव में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।