अजमेर में ख्वाजा साहब की दरगाह के बाहर संघ के स्वयं सेवकों पर पुष्प वर्षा

पांच हजार स्वयं सेवकों के पथ संचलन की ड्रोन से निगरानी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 05 फरवरी। रविवार को अजमेर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का वार्षिक पथ संचलन निकाला गया। प्रात: 11 बजे पटेल मैदान से शुरू होकर पथ संचालन अग्रसेन सर्किल, आगरा गेट, नया बाजार, धानमंडी होते हुए ख्वाजा साहब की दरगाह के बाहर पहुंचा तो बड़ी संख्या में खड़े लोगों ने जमकर पुष्कर वर्षा की। पुष्प वर्षा करने वाले में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, डिप्टी नीरज जैन, प्रियशील हाड़ा, सुनील दत्त जैन मौजूद रहे। इसके साथ ही भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष शफीक पठान के नेतृत्व में इमरान खान, सादिक अली, रफीक खान, अमान खान, शहजाद खान, अजमत उल्ला, तेजपाल साहनी आदि ने भी पुष्प वर्षा कर स्वयं सेवकों का स्वागत किया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में मुस्लिम प्रतिनिधियों ने भी स्वयं सेवकों पर पुष्प वर्षा की। पथ संचलन नला बाजार, मदार गेट, गांधी भवन, कचहरी रोड होते हुए पुन: पटेल मैदान पर पहुंचा। संघ के पथ संचलन का जगह जगह स्वागत भी किया गया। अग्रसेन सर्किल चौराहे पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष सीए अजीत अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल, अमित गर्ग आदि के नेतृत्व में पुष्कर वर्षा की गई। पथ संचालन वाले मार्ग पर हालांकि पुलिस की व्यवस्था थी, लेकिन ट्रैफिक की व्यवस्था स्वयं सेवकों ने ही संभाली। चार-चार की लाइन में स्वयं सेवकों ने अनुशासित ढंग से कदम ताल किया। स्वयं सेवकों के बीच घोष दल घोषवादक करते हुए चल रहे थे, इसमें 16 घोष दलों ने भागीदारी निभाई। महानगर संघचालक खाजूलाल चौहान और मनीष अरोड़ा ने बताया कि पटेल मैदान पर स्वच्छता का पूरा ख्याल रखा गया। उन्होंने स्वयं सेवकों का स्वागत करने के लिए शहरवासियों का आभार जताया। जिन मार्गों से पथ संचलन निकला उसके दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े देखे गए। कई स्थानों पर पथ संचलन की निगरानी ड्रोन से की गई ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे। दरगाह के बाहर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। चार किलोमीटर का सफर तय समय के मुताबिक 48 मिनट में पूरा हो गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो:
चार फरवरी को अजमेर में संघ का पथ संचलन सोशल मीडिया पर छाया रहा। पथ संचलन के शुरू होते ही फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किए गए। फेसबुक पर पथ संचलन के सैकड़ों वीडियो पोस्ट हुए। सभी वीडियो स्वयंसेवकों के अनुशासन को प्रदर्शित कर रहे थे। भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ के रचित कच्छावा ने बताया कि यह पहला अवसर रहा जब सोशल मीडिया पर लोगों ने स्वेच्छा से पथ संचलन के वीडियो पोस्ट किए हैं।

S.P.MITTAL BLOGGER

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.