दिलीप टिर्की बने हॉकी इंडिया के नए अध्‍यक्ष, तीन ओलिंपिक समेत 412 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके है पूर्व कप्‍तान

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24सितंबर। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान दिलीप तिर्की को कल निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष चुना गया। वे 1998 के एशियाई खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्‍य भी थे। हॉकी इंडिया के इतिहास में पहली बार कोई पूर्व ओ‍लम्पियन इसकी अध्‍यक्षता करेगा।

44 वर्षीय दिलीप तिर्की ने 15 वर्ष के अपने करियर में चार सौ बारह अंतर्राष्‍ट्रीय मैच खेले। वे टीम के मजबूत डिफेंडर माने जाते थे। उन्‍होंने 1996 अटलांटा, 2000 सिडनी तथा 2004 एथेंस ओलिम्पिक्स में देश का प्रतिनिधित्‍व किया। पिछले महीने अंतर्राष्‍ट्रीय हॉकी महासंघ और प्रशासकों की समिति ने नौ अक्‍तूबर तक हॉकी इंडिया के चुनाव पूरे कराने को कहा था।

दिलीप तिर्की के अध्‍यक्ष चुने जाने से पहले, दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर प्रशासकों की समिति हॉकी इंडिया का काम‍काज देख रही थी। राष्‍ट्रीय खेल अधिनियम के कथित उल्‍लंघन के आरोपों पर दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने यह आदेश दिया था।

हॉकी इंडिया के चुनाव एक अक्टूबर को होने थे, लेकिन नतीजे पहले ही घोषित कर दिए गए क्योंकि किसी पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं था, जिससे महासंघ के संविधान के तहत निवर्तमान उम्मीदवार ही निर्विरोध चुने गए।

उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के प्रमुख राकेश कत्याल और हॉकी झारखंड के भोला नाथ सिंह के नाम वापिस लेने के बाद टिर्की को अध्यक्ष चुना गया। भोला नाथ महासचिव चुने गए। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने टिर्की और उनकी टीम के चुनाव को मंजूरी दे दी है।
एफआईएच ने एक पत्र में लिखा कि जब किसी पद के लिए उम्मीदवार पद की संख्या से कम या बराबर हों तो माना जाता है कि उन्हें निर्विरोध चुना गया है। इसमें कहा गया, ‘इसलिए हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि हॉकी इंडिया का कार्यकारी बोर्ड चुन लिया गया है जिसकी जानकारी हॉकी इंडिया की वेबसाइट पर है और सभी पदों के लिये चुनाव निर्विरोध हुए।’

भारत के लिए तीन ओलिंपिक (अटलांटा 1996, सिडनी 2000 और एथेंस 2004) समेत 412 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके टिर्की ने कहा, ‘मेरा मानना है कि पूर्व खिलाड़ियों को खेल प्रशासन में आना चाहिये क्योंकि उन्हें बेहतर पता होता है कि कहां फोकस करना है। जैसे क्रिकेट में दादा पहले बंगाल क्रिकेट संघ में थे और फिर बीसीसीआई अध्यक्ष बने और बढ़िया काम कर रहे हैं।’

अगले साल पुरूष हॉकी विश्व कप भुवनेश्वर और राउरकेला में होने जा रहा है और उसकी तैयारियों पर भी टिर्की का ध्यान रहेगा। उन्होंने कहा, ‘हॉकी इंडिया कई साल से अच्छा काम कर रहा है जो टीम के प्रदर्शन में नजर आता है। पुरूष टीम शीर्ष तीन चार टीमों में है और महिला टीम ओलिंपिक सेमीफाइनल खेल रही है जो बड़ी बात है। जो भी कमियां है हम उन्हें दूर करने की कोशिश करेंगे।’

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.