218 भारतीयों को लेकर आठवां विमान दिल्ली पहुंचा, अब तक 1836 स्टूडेंट एयरलिफ्ट

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 1 मार्च। रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार 6वें दिन भी जारी है। इस बीच ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने का मिशन जारी है। यूक्रेन में फंसे 218 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया का आठवां विमान हंगरी के बुडापेस्ट से नई दिल्ली पहुंचा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने यात्रियों को रिसीव किया। इससे पहले एअर इंडिया की 7वीं फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंची थी। ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 8 फ्लाइट्स से कुल 1,836 भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है।

अब भारतीय वायु सेना की मदद ली जा रही

यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना की मदद ली रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरफोर्स से कम समय में अधिक लोगों को निकालने के लिए मदद करने को कहा है। भारतीय वायु सेना आज से ऑपरेशन गंगा में कई सी-17 विमान तैनाती कर रही है। एयरफोर्स ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने पर सहमति जता दी है। हिंडन एयरबेस पर सी-17 ग्लोबमास्टर और आईएल-76 उड़ान के लिए तैयार हैं।

फिलीपींस से काबुल तक संजीवनी बना सी17 ग्लोबमास्टर

सी-17 ग्लोबमास्टर ने अफगानिस्तान में अशांति के दौरान 640 लोगों को लेकर उड़ान भरी थी। भारतीय वायुसेना ने सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से भारतीयों को काबुल से दो बार एयरलिफ्ट किया था। भारत के पास 11 सी-17 ग्लोबमास्टर विमान हैं। इस विमान का बाहरी ढांचा इतना मजबूत है कि इस पर राइफल और छोटे हथियारों की फायरिंग का कोई असर नहीं होता है।

सरकार के ऑपरेशन गंगा में स्पाइसजेट भी करेगा सहयोग

स्पाइसजेट यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए स्पाइसजेट का विमान आज स्लोवाकिया के कोसिसे जाएगा। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू इसकी निगरानी के लिए भारत सरकार के विशेष दूत के रूप में कोसिसे जा रहे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और उन्हें यूक्रेन सहित विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.