जैन मुनि तरुण सागर का बिमारी के चलते निधन, सैकड़ो अनुयायी पहुंचे अंतिम दर्शन के लिए

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

नई दिल्ली: प्रसिद्ध जैन मुनि तरुण सागर महाराज का शनिवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे। उनकी हालत कई दिनों से गंभीर बनी हुई थी। मैक्स अस्पताल की ओर से कहा गया था कि उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज का निधन शनिवार सुबह तीन बजे हुआ। कृष्णा नगर के राधे पूरी एक घर में उन्होंने अंतिम सांस ली।

दिल्ली के शाहदरा से जैन मुनि के पार्थिव शरीर को समाधि के लिए गाजियाबाद के मोदीनगर ले जाया जा रहा है। इस दौरान जैन समुदाय से जुड़े सैकड़ों लोग यात्रा में शामिल हुए। बारिश के दौरान भी यात्रा नहीं रुकी।

बताया जा रहा है कि जैन मुनि तरुण सागर बुखार और पीलिया की बीमारी से जूझ रहे थे। वैशाली के मैक्स अस्पताल में उन्हें करीब 15 दिन तक भर्ती रखा गया था। उनके कुछ शिष्यों ने जानकारी दी है कि जैन मुनि जी को कैंसर की बीमारी थी, जिसका वह पिछले काफी समय से सामना कर रहे थे। गत 30 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी करवाकर उन्हें कृष्णा नगर के राधे पुरी लाया गया था। जैन मुनि राधे पूरी में एक समुदाय के घर में गत 27 जुलाई से चातुर्मास कर रहे थे।

वहीं, डॉक्टरों के हवाले से कहा जा रहा है कि 15 दिन पहले पीलिया की शिकायत मिलने के बाद तरुण सागर महाराज को मैक्स अस्पताल में लाया गया था, लेकिन ई्लाज के बाद भी उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। बुधवार को उन्होंने आगे इलाज कराने से मना कर दिया और अपने अनुयायियों के साथ बृहस्पतिवार शाम कृष्णा नगर (दिल्ली) स्थित राधापुरी जैन मंदिर चातुर्मास स्थल आ गए थे। यहां पर भी वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे।

तरुण सागर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने शोक संदेश में लिखा है- ‘जैन मुनि तरुण सागर के निधन पर गहरा दुख हुआ है। हम उन्हें उनके उच्च विचारों और समाज के लिए योगदान के लिए याद करेंगे। उनके विचार लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।’

वहीं, गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताते हुए ट्वीट किया है- ‘जैन मुनि श्रद्धेय तरुण सागर जी महाराज के असामयिक महासमाधि लेने के समाचार से मैं स्तब्ध हूं। वे प्रेरणा के स्रोत, दया के सागर एवं करुणा के आगार थे। भारतीय संत समाज के लिए उनका निर्वाण एक शून्य का निर्माण कर गया है। मैं मुनि महाराज के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी जैन मुनि तरुण सागर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- ‘उनके शिक्षा और विचार लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।’

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.