समग्र समाचार सेवा
श्रीनगर, 20 अक्टूबर।
दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा के हाकरीपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में अब तक दो आतंकी मार गिराए गए हैं। अभियान अभी भी जारी है। सुरक्षाबलों को इलाके में दो से तीन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। दो आतंकियों के मारे जाने के बाद क्षेत्र में और आतंकी मौजूद है या नहीं, इसकी पुष्टि करने के लिए सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान जारी रखा हुआ है। कश्मीर घाटी में दो दिनों के भीतर यह तीसरी मुठभेड़ है और सुरक्षाबलों ने अब तक चार आतंकी ढेर कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर को सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि पुलवामा के हाकरीपोरा इलाके में दो से तीन आतंकी छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर सेना की 50 आरआर, एसओजी और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम क्षेत्र में पहुंची और घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों को अपने नजदीक आते देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी आतंकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
मुठभेड़ के एक घंटे के भीतर ही सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया था। अगले एक घंटे के भीतर सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया। फिलहाल गोलीबारी बंद हो गई परंतु सुरक्षाबलों का अभियान अभी भी जारी है। इलाके में और कोई आतंकी मौजूद नहीं है, इसकी पुष्टि करने के लिए सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चल रहा है।