रणजी ट्रॉफी फाइनल 2022- मध्य प्रदेश VS मुंबई : पहले दिन का खेल खत्म, मुंबई की टीम ने चार विकेट गंवाकर बनाए 185 रन

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 22जून। मध्य प्रदेश और मुंबई की टीमें बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के फाइनल में आमने-सामने हैं. टॉस जीतकर पहले बैटिंग पर उतरी मुंबई ने शानदार शुरुआत की है. पहले सत्र का खेल खत्म होने को है और मुंबई की टीम ने चार विकेट गंवाकर 185 रन बना लिए हैं

इस बार पृथ्वी शॉ की कप्तानी में खेल रही मुंबई अपना 42वां रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है. दूसरी ओर सेमीफाइनल में कर्नाटक जैसी मजबूत टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाने वाली मध्य प्रदेश भी पहली बार रणजी चैंपियन बनने का मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहेगा. मध्य प्रदेश 22 साल बाद फाइनल में पहुंची है इससे पहले आखिरी बार उसने साल 1999-00 में फाइनल में जगह बनाई थी.

मध्य प्रदेश के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित ने अपनी टीम को किसी चैंपियनशिप से कम पर समझौता नहीं करना सिखाया है, लेकिन सत्र के आखिर में अमोल मजूमदार की कोचिंग में खेल रहे मुंबई के खिलाड़ियों ने अधिक दबदबे वाला प्रदर्शन किया है.

कागजों पर मुंबई की टीम खिताब की प्रबल दावेदार नजर आती है. सरफराज खान ने केवल पांच मैचों में 800 से अधिक रन बनाकर अपने खेल को पूरी तरह से अलग स्तर पर पहुंचा दिया है. यशस्वी जायसवाल ऐसे युवा खिलाड़ी हैं जो लंबी अवधि के प्रारूप को लेकर उतने ही गंभीर हैं जितना कि वह राजस्थान रॉयल्स की तरफ से आईपीएल में खेलने को लेकर हैं. क्वॉर्टर फाइनल और सेमीफाइनल की चार पारियों में तीन शतक से रनों के लिये उनकी भूख का पता चलता है.

मध्य प्रदेश हालांकि हाल के दिनों में सबसे बेहतर टीम में से एक रही है और पंडित की देखरेख में अनुशासित प्रदर्शन से ही रणजी ट्राफी जैसे टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच पाई है. बल्लेबाजी में वेंकटेश अय्यर और गेंदबाजी में तेज गेंदबाज आवेश खान की अनुपस्थिति में कुमार कार्तिकेय, हिमांशु मंत्री और अक्षत रघुवंशी जैसे खिलाड़ियों ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई.

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.