समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 26 मार्च। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शनिवार को समाजवादी पार्टी विधायक दल के नेता चुना गया है। शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सर्वसम्मति से समाजवादी पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
नेता विधानमंडल दल का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा ने किया
अखिलेश यादव अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहेंगे। अखिलेश यादव को नेता विधानमंडल दल का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा ने किया। इसका समर्थन राजेन्द्र चौधरी ने किया। विधायक दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव वरिष्ठ समाजवादी नेता अवधेश प्रसाद ने रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ विधायक आलम बदी आजमी ने किया।बाद में अखिलेश सर्वसम्मति से नेता चुन लिए गए।
अखिलेश ने मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की
विधानसभा चुनाव के मैदान में पहली बार उतरे अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। करहल को समाजवादी पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित सीट माना जाता है। आजमगढ़ से सांसद रहते विधानसभा का चुनाव लडऩे वाले अखिलेश यादव ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। अखिलेश यादव से पहले बलिया के बांसडीह से विधायक रहे राम गोविंद चौधरी नेता प्रतिपक्ष होते थे। इस बार वह चुनाव हार गए हैं।
छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ा था चुनाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी ने छोटे दलों के साथ गठबंधन किया। सपा गठबंधन को 125 सीट मिली हैं। इनमें 111 विधायक समाजवादी पार्टी, आठ विधायक राष्ट्रीय लोकदल और छह विधायक ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के हैं।