समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 7जुलाई। हिंदी सिनेमा के जानेमाने कलाकार दिलीप कुमार का निधन हो गया है। बॉलीवुड में ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर दिलीप कुमार 98 साल के थे। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार खराब रह रही थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। तमाम हस्तियों ने उनके निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
दिलीप कुमार ने आज सुबह 7:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले एक माह में उनको दो बार अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी सायरो बानो हैं।
दिलीप कुमार हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती थे। हालांकि दिलीप कुमार की सेहत बिगड़ने के बाद उनकी पत्नी सायरा बानो सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपडेट दे रही थीं। दिलीप कुमार को बीती 6 जून को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। रिपोर्ट्स थीं कि उनके लंग्स में फ्लूइड इकट्ठा था जिसके ट्रीटमेंट के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद 29 जून को कुछ दिक्कत महसूस होने पर उन्हें फिर से हॉस्पिटल में ऐडमिट करवाना पड़ा। उनके ट्विटर अकाउंट पर हेल्थ अपडेट दिया गया था जिसमें हालत में सुधार बताया गया था। वहीं सायरा बानो ने भी मीडिया से कहा था कि उन्हें जल्द घर ले जाएंगी। लेकिन इस बार फैंस और करीबियों की लाख दुआओं के बाद भी दिलीप साहब इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए।