समग्र समाचार सेवा
मोहाली 24 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026 के तहत आज मोहाली के होटल ट्यूलिप में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने की, जबकि भाजपा पंजाब के महासचिव सरदार परमिंदर सिंह बराड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा की सर्कल प्रधान और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करना तथा आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार करना रहा।
मोहाली से इस प्रशिक्षण अभियान के इंचार्ज श्री सुशील राणा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठनात्मक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना पार्टी का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, जनसंपर्क अभियान और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण सत्रों के आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। श्री राणा ने कहा कि आने वाले समय में प्रत्येक मंडल में इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे हर कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से समझ सके।
जिलाध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा अन्य दलों से अलग और मजबूत है, जिसका मुख्य आधार प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
भाजपा पंजाब महासचिव सरदार परमिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और कार्यशैली में एकरूपता लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर पार्टी जनसेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी पदाधिकारियों ने आगामी दिनों में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण अभियान को सफलतापूर्वक आयोजित करने का संकल्प लिया।