एक्स ने अश्लील पोस्ट पर मानी गलती, 3,500 पोस्ट किए ब्लॉक, 600 खाते हटाए

आईटी मंत्रालय के नोटिस के बाद एक्स ने मानी चूक, ग्रोक की खामियां सुधारने का आश्वासन

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • आईटी मंत्रालय के निर्देशों पर एक्स की कार्रवाई
  • 3,500 से अधिक पोस्ट ब्लॉक, 600 खाते स्थायी रूप से हटाए
  • एआई टूल ग्रोक के दुरुपयोग पर ख़ामियाँ दूर करने का वादा
  • भविष्य में अश्लील और गैरकानूनी सामग्री की अनुमति नहीं

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10 जनवरी: सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) ने भारतीय कानूनों और दिशानिर्देशों के पालन में हुई चूक स्वीकार कर ली है। सूत्रों के अनुसार, एक्स ने यह भरोसा दिया है कि वह आगे से भारत के सूचना प्रौद्योगिकी कानूनों का पूरी तरह अनुपालन करेगा।

3,500 पोस्ट ब्लॉक, 600 खाते हटाए

सूत्रों ने बताया कि एक्स ने अब तक करीब 3,500 आपत्तिजनक पोस्ट ब्लॉक किए हैं और 600 खातों को स्थायी रूप से हटा दिया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अश्लील या गैरकानूनी सामग्री को मंच पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

ग्रोक के दुरुपयोग पर सरकार सख्त

एआई टूल ग्रोक के दुरुपयोग को लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय MEITY ने एक्स को नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया था कि मंच पर फर्जी खातों के माध्यम से महिलाओं की अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक तस्वीरें एवं वीडियो बनाए जा रहे हैं, जो सूचना प्रौद्योगिकी कानून और उससे जुड़े नियमों का उल्लंघन है।

कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने का निर्देश

सरकार ने एक्स को सात जनवरी तक कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने को कहा था। मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया था कि 72 घंटे के भीतर सभी अवैध, अश्लील और अशोभनीय सामग्री हटाई जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धारा 79 के संरक्षण पर चेतावनी

मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 79 के अंतर्गत मिलने वाला कानूनी संरक्षण तभी लागू होगा, जब मंच पूरी तरह उचित सावधानी का पालन करेगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में यह संरक्षण समाप्त हो सकता है और सूचना प्रौद्योगिकी कानून तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जा सकती है

ग्रोक की ख़ामियाँ दूर करने के निर्देश

नोटिस में एक्स को ग्रोक एप की तकनीकी और प्रक्रियागत खामियों की समीक्षा करने, सामग्री नियंत्रण प्रणाली को सख्त करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले उपयोगकर्ताओं के खातों को निलंबित या ब्लॉक करने के निर्देश दिए गए थे। पहले से मौजूद अवैध अश्लील सामग्री को तुरंत हटाने या उस तक पहुँच रोकने को भी कहा गया था।

एक्स का आधिकारिक पक्ष

एक्स ने अपने सुरक्षा हैंडल पर कहा है कि वह अवैध और प्रतिबंधित सामग्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेगा, ऐसी सामग्री हटाएगा और संबंधित खातों को स्थायी रूप से निलंबित करेगा। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय सरकारों के साथ सहयोग भी किया जाएगा। यह मंच अमेरिकी उद्योगपति  एलोन मस्क के स्वामित्व में है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.