भारत मंडपम में नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 की शुरुआत
सैन्य विरासत से वैश्विक साहित्य तक, किताबों के सबसे बड़े मंच पर जुटी दुनिया
-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे पुस्तक मेले का औपचारिक उद्घाटन
-
कतर गेस्ट ऑफ ऑनर और स्पेन फोकस कंट्री के रूप में होगा शामिल
-
18 जनवरी तक चलेगा आयोजन, आम दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 10 जनवरी: देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम शनिवार से साहित्य, विचार और संस्कृति के सबसे बड़े आयोजन नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 का साक्षी बनने जा रही है। इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे। पुस्तक प्रेमियों के लिए यह मेला ज्ञान और संवाद का व्यापक मंच उपलब्ध कराएगा
सैन्य इतिहास पर केंद्रित मुख्य विषय
इस वर्ष पुस्तक मेले का केंद्रीय विषय ‘भारतीय सैन्य इतिहास: वीरता और ज्ञान @ 75’ निर्धारित किया गया है। इसके तहत भारत की रक्षा सेनाओं के साहसिक अभियानों, ऐतिहासिक योगदान और रणनीतिक विरासत से जुड़ी पुस्तकों, प्रदर्शनों और विमर्शों को प्रमुखता दी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से बढ़ेगा दायरा
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बार कतर को गेस्ट ऑफ ऑनर और स्पेन को फोकस कंट्री के रूप में आमंत्रित किया गया है। इससे मेले में अंतरराष्ट्रीय लेखन, अनुवाद साहित्य और वैश्विक दृष्टिकोण को नया आयाम मिलेगा।
53वां संस्करण, पाठकों के लिए खुला मंच
नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 का यह 53वां संस्करण है, जिसका आयोजन शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। पहली बार आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस साहित्यिक आयोजन से जुड़ सकें।
आंकड़ों में मेले की व्यापकता
यह आयोजन केवल पुस्तक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक वैश्विक बौद्धिक संगम है, जिसमें
- 35 से अधिक देशों की भागीदारी
- 1000 से ज्यादा प्रकाश
- 3000 से अधिक स्टॉल
- 600 से अधिक साहित्यिक व सांस्कृतिक सत्र
- 1000 से अधिक वक्ता शामिल हो रहे हैं।
पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
शिक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि यह मेला क्लासिक साहित्य से लेकर समकालीन रचनाओं, बाल साहित्य, अनुवाद और विचारोत्तेजक संवादों का समृद्ध मंच प्रदान करेगा। उद्देश्य है कि पाठक नई दुनियाओं से जुड़ें, विचारों का आदान-प्रदान करें और पढ़ने के आनंद को साझा करें।