बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा

छात्र संगठनों का प्रदर्शन, अखबारों में तोड़फोड़-आगजनी, भारत विरोधी नारों के बीच हालात तनावपूर्ण

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • इंकिलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा और आगजनी
  • डेली स्टार और प्रथम आलो अखबार के दफ्तरों पर हमला, पत्रकारों को सुरक्षित निकाला गया
  • छात्र संगठनों और युवाओं के प्रदर्शन, शाहबाग और ढाका यूनिवर्सिटी इलाका संवेदनशील
  • भारत विरोधी नारे, खुलना और राजशाही में भारतीय मिशनों की ओर मार्च की कोशिश

समग्र समाचार सेवा
ढाका | 19 दिसंबर: बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा भड़क उठी है और राजधानी ढाका में हालात गंभीर बने हुए हैं। इंकिलाब मंच के प्रवक्ता और जुलाई विद्रोह के प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में युवा और छात्र सड़कों पर उतर आए। कई इलाकों में आगजनी, तोड़फोड़ और मीडिया संस्थानों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं।

बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, ढाका में उग्र भीड़ ने पहले प्रथम आलो अखबार के दफ्तर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इसके बाद शुक्रवार रात करीब 12 बजे करवान बाजार स्थित डेली स्टार के कार्यालय पर हमला किया गया। इस दौरान कार्यालय में फंसे कम से कम 25 पत्रकारों को करीब चार घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रदर्शनकारी दोनों अखबारों को भारत समर्थक मान रहे थे।

हादी की मौत के विरोध में ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन समेत कई छात्र संगठनों ने शाहबाग में धरना-प्रदर्शन किया। राजू मेमोरियल मूर्ति के पास जुटे प्रदर्शनकारियों ने हादी के हत्यारों को सजा देने की मांग की। एहतियातन बैरिकेड लगाए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि यातायात सामान्य बना रहा।

बांग्लादेश के मुख्य न्यायाधीश सैयद रफीक अहमद ने हादी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि देश ने एक निडर और बेबाक आवाज खो दी है। वहीं मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने हादी को फासीवादी ताकतों का विरोधी बताते हुए हत्यारों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।

इस बीच राजशाही और खुलना में भारत विरोधी प्रदर्शन देखने को मिले। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय सहायक उच्चायोग की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन दंगा नियंत्रण पुलिस, सेना और नौसेना के जवानों ने उन्हें रोक दिया। हालात को देखते हुए भारत ने खुलना और राजशाही स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.