इथियोपिया ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान
अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री को ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से किया गया सम्मानित, संसद के संयुक्त सत्र को भी करेंगे संबोधित
-
इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने पीएम मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया।
-
यह सम्मान पाने वाले नरेंद्र मोदी दुनिया के पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष बने।
-
पीएम मोदी इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।
-
भारत–इथियोपिया साझेदारी और ‘ग्लोबल साउथ’ पर अपने विचार रखेंगे।
समग्र समाचार सेवा
अदीस अबाबा | 17 दिसंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान कर भारत–इथियोपिया संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ा है। मंगलवार शाम अदीस अबाबा में आयोजित विशेष समारोह में इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने पीएम मोदी को ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी यह सम्मान पाने वाले दुनिया के पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष बन गए हैं। इसे भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और अफ्रीकी देशों के साथ मजबूत होते रिश्तों के रूप में देखा जा रहा है।
अदीस अबाबा में भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे। अदीस अबाबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने स्वयं उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच आपसी सम्मान और आत्मीयता साफ नजर आई। विशेष बात यह रही कि इथियोपिया के प्रधानमंत्री पीएम मोदी को अपनी कार में बैठाकर होटल तक लेकर गए, जिसे कूटनीतिक शिष्टाचार में एक खास संकेत माना जा रहा है।
विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क का दौरा
हवाई अड्डे से होटल जाते समय प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने पीएम मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क का भ्रमण कराया। यह दौरा आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था, लेकिन इससे दोनों नेताओं के बीच सहज संवाद और आपसी विश्वास झलकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने संग्रहालय में विज्ञान और नवाचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं को देखा और इथियोपिया की विकास यात्रा की सराहना की।
पारंपरिक कॉफी समारोह में सहभागिता
प्रधानमंत्री मोदी ने अदीस अबाबा हवाई अड्डे पर आयोजित पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी समारोह में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें इथियोपियाई कॉफी की अलग-अलग किस्मों के बारे में जानकारी दी गई। पीएम मोदी ने कहा कि यह समारोह इथियोपिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक परंपराओं को खूबसूरती से दर्शाता है।
गहरे सभ्यतागत संबंधों पर जोर
इथियोपिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह इस गर्मजोशी भरे स्वागत से सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि इथियोपिया एक महान इतिहास और जीवंत संस्कृति वाला देश है तथा भारत और इथियोपिया के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध रहे हैं। उन्होंने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ग्लोबल साउथ और संसद संबोधन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इथियोपिया ‘ग्लोबल साउथ’ में भारत का एक प्रमुख भागीदार और ब्रिक्स का साथी सदस्य है। यात्रा के दौरान पीएम मोदी प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे, जहां वह “लोकतंत्र की जननी” के रूप में भारत की यात्रा और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए भारत–इथियोपिया साझेदारी के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।