संत प्रेमानंद महाराज से मिले विराट-अनुष्का, भावुक हुईं अनुष्का शर्मा
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इस साल तीसरी बार वृंदावन आए। जनवरी और मई में भी कपल ने संत प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लिया था।
-
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने वृंदावन धाम में संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की।
-
अनुष्का शर्मा भावुक हुईं और वीडियो में कहा, “हम आपके हैं महाराज जी, आप हमारे हैं।”
-
संत प्रेमानंद महाराज ने जीवन और कर्म को लेकर प्रेरक संदेश दिया।
-
अनुष्का शर्मा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं, ‘चकदा एक्सप्रेस’ में वापसी करेंगी।
समग्र समाचार सेवा
ई दिल्ली/वृंदावन | 16 दिसंबर:भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर वृंदावन धाम पहुंचे। यहां दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात के दौरान जहां विराट कोहली शांत और प्रसन्न नजर आए, वहीं अनुष्का शर्मा भावुक होती दिखाई दीं।
भजन मार्ग के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में अनुष्का शर्मा संत प्रेमानंद जी महाराज से कहती नजर आती हैं, “हम आपके हैं महाराज जी, आप हमारे हैं।” इस दौरान अनुष्का की आंखों में भावुकता साफ देखी जा सकती है। वहीं, प्रेमानंद जी महाराज ने विराट और अनुष्का को जीवन और कर्म को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र को भगवान की सेवा मानकर करें, मन में गंभीरता रखें, विनम्र बने रहें और निरंतर नाम जप करते रहें।
बताया जा रहा है कि यह इस साल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का वृंदावन का तीसरा दौरा है। हाल ही में यह कपल यूके से भारत लौटा है। इससे पहले जनवरी महीने में दोनों अपने बच्चों के साथ संत प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंचे थे। वहीं, मई में विराट कोहली द्वारा टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के अगले ही दिन भी दोनों ने महाराज जी से मुलाकात की थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुष्का शर्मा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। बेटी वामिका के जन्म के बाद उन्होंने अभिनय से कुछ समय का ब्रेक लिया था। अनुष्का और विराट का एक बेटा भी है, जिसका नाम अकाय है। अनुष्का शर्मा ने ‘रब ने बना दी जोड़ी’, ‘जब तक है जान’, ‘पीके’, ‘सुल्तान’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘एनएच10’, ‘परी’ और ‘जीरो’ जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया है। आने वाले समय में वह फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ में नजर आएंगी।