लालू यादव ने हैलोवीन मनाया, बीजेपी बोली– “महाकुंभ फालतू, लेकिन भूतिया पार्टी जरूरी!”
बिहार चुनावी माहौल में लालू यादव का हैलोवीन वीडियो वायरल, बीजेपी ने तंज कसा— “जिन्होंने कुंभ को फालतू कहा, अब अंग्रेजों के भूत संग पोज दे रहे हैं।”
-
लालू यादव का नाती-पोतों संग हैलोवीन मनाते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
-
बीजेपी ने कहा— “आस्था पर चोट करने वाले को बिहारवासी नहीं देंगे वोट।”
-
पार्टी ने लालू को याद दिलाया 2025 के महाकुंभ पर दिया विवादित बयान।
समग्र समाचार सेवा
पटना, 2 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लालू अपने नाती-पोतों के साथ हैलोवीन का त्योहार मनाते नजर आ रहे हैं। वे बच्चों के साथ मुस्कुराते हुए पोज दे रहे हैं, जबकि बच्चे ग्रिम रीपर, चुड़ैल और अन्य डरावने किरदारों की पोशाक में दिखाई दे रहे हैं।
यह वीडियो लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। उन्होंने लिखा— “सभी को हैलोवीन की शुभकामनाएं।” इस पोस्ट में लालू यादव अपने पोते-पोतियों के साथ काफी खुश नजर आ रहे थे। रोहिणी ने अपने बच्चों की क्रिएटिव ड्रेसअप की तारीफ करते हुए कहा कि बच्चों को नए त्यौहारों के बारे में जानना चाहिए।
लेकिन रोहिणी के इस पोस्ट के बाद बीजेपी ने इसे हाथों-हाथ उठा लिया। बीजेपी किसान मोर्चा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा—
> “भूलना मत बिहारवासियों, यही लालू यादव हैं जिन्होंने आस्था और अध्यात्म के प्रतीक महाकुंभ को ‘फालतू’ कहा था और अब अंग्रेजों का त्योहार मना रहे हैं। जो आस्था पर करेगा चोट, बिहारवासी नहीं करेंगे उसको वोट।”
दरअसल, 2025 के महाकुंभ को लेकर लालू यादव का पुराना बयान फिर चर्चा में आ गया है। उस वक्त उन्होंने कुंभ मेले को “फालतू का आयोजन” कहा था और सरकार पर खर्च का सवाल उठाया था। बीजेपी ने इसी बयान को दोबारा उठाते हुए लालू पर “सांस्कृतिक दोहरापन” दिखाने का आरोप लगाया।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि लालू यादव का यह रवैया दिखाता है कि वे भारत की परंपरा और आस्था का सम्मान नहीं करते। प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा, “महाकुंभ फालतू लगता है, लेकिन भूतों का त्योहार बढ़िया! यही है आरजेडी की नई संस्कृति।”
इस पूरे प्रकरण पर सोशल मीडिया पर भी जमकर प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने लालू यादव के वीडियो को मजाकिया अंदाज में शेयर किया और लिखा— “अब भूत-प्रेत भी आरजेडी से गठबंधन कर चुके हैं।”