समग्र समाचार सेवा
बलूचिस्तान /नई दिल्ली ,15 मई : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। यहाँ की एक होनहार हिंदू युवती, कशिश चौधरी, ने सूबे की पहली हिंदू महिला सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner) बनकर इतिहास रच दिया है। उनके इस मुकाम तक पहुंचने को न सिर्फ अल्पसंख्यक समुदाय, बल्कि पाकिस्तान के मुख्यधारा समाज में भी सराहा जा रहा है।
कशिश चौधरी की नियुक्ति ने बलूचिस्तान और पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की भागीदारी और उनके अधिकारों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। लंबे समय से हिंसा, अलगाववाद और मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले बलूचिस्तान से जब एक हिंदू युवती की प्रशासनिक पद पर तैनाती होती है, तो यह खुद में एक मजबूत और सकारात्मक संकेत बन जाता है।
बताया जा रहा है कि कशिश ने सिविल सर्विस परीक्षा पास कर यह पद हासिल किया है, जो कि पाकिस्तान में सबसे प्रतिष्ठित और कठिन माने जाने वाले परीक्षा में से एक है। उन्होंने न केवल अपने परिवार और समुदाय का नाम रोशन किया है, बल्कि पाकिस्तान की नौकरशाही में अल्पसंख्यकों की हिस्सेदारी की नई मिसाल कायम की है।
कशिश चौधरी की इस उपलब्धि को सोशल मीडिया पर भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। कई वरिष्ठ पत्रकार, मानवाधिकार कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उन्हें बधाई दे रहे हैं। एक तरफ जहां पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार और भेदभाव की खबरें आम हैं, वहीं कशिश की इस कामयाबी को उम्मीद की किरण के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि कुछ कट्टरपंथी तत्वों ने इस पर आपत्ति जताने की कोशिश की है, लेकिन उन्हें व्यापक जनसमर्थन नहीं मिल पाया। बलूचिस्तान जैसे संवेदनशील क्षेत्र में एक हिंदू महिला की प्रशासनिक पद पर नियुक्ति से यह संदेश भी गया है कि पाकिस्तान का समाज धीरे-धीरे विविधता और समावेशिता की ओर बढ़ रहा है।
कशिश चौधरी आज लाखों युवाओं, खासकर लड़कियों और अल्पसंख्यकों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि अगर इच्छाशक्ति हो तो कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में रोड़ा नहीं बन सकती।