तमिलनाडु बीजेपी के नेता वी रमेश को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी, बोले- आज सलेम का मेरा रमेश हमारे बीच नहीं है…’
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत के राज्यों के दौरे पर हैं. मंगलवार को पीएम ने तमिलनाडु के सलेम (Salem) में आयोजित एक जनसभा का संबोधित किया. प्रधानमंत्री इस दौरान बीजेपी के राज्य महासचिव ‘ऑडिटर’ वी रमेश (V Ramesh) को याद करते हुए भावुक हो गए, जिनकी 2013 में तमिलनाडु के सलेम में कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी.
सेलम में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वी रमेश ने पार्टी के लिए दिन-रात काम किया. पीएम ने कहा, ‘आज मैं सेलम में हूं, मुझे ऑडिटर रमेश की याद आ रही है. आज सलेम का मेरा वो रमेश नहीं है. वह हमारी पार्टी के एक समर्पित नेता थे. वह एक महान वक्ता और बहुत मेहनती थे. मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.’
वी रमेश की 2013 में हुई थी हत्या
बीजेपी के राज्य महासचिव ‘ऑडिटर’ 54 वर्षीय वी रमेश की 2013 में सलेम शहर के मारवनेरी इलाके में उनके घर के परिसर के अंदर एक अज्ञात गिरोह ने हत्या कर दी थी. प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष केएन लक्ष्मणन को भी याद किया. उन्होंने राज्य में भाजपा के विस्तार में उनके योगदान का भी जिक्र किया.
पीएम ने कहा कि आपातकाल विरोधी आंदोलन में उनकी भूमिका अविस्मरणीय थी. उन्होंने कहा, ‘आपातकाल विरोधी आंदोलन में लक्ष्मणन जी की भूमिका और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी को हमेशा याद किया जाएगा. राज्य में भाजपा के विस्तार में उनका योगदान अविस्मरणीय है. उन्होंने राज्य में कई स्कूल भी शुरू किए.’
उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार तमिलनाडु के विकास और समृद्धि को सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है. मुफ्त चिकित्सा उपचार से लेकर घरों में नल के पानी के कनेक्शन प्रदान करने तक, मुफ्त राशन सुविधाओं से लेकर मुद्रा योजना के माध्यम से तमिलनाडु की महिलाओं को लाभ पहुंचाने तक, हमने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य को बेहतर सेवा मिले.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अब तमिलनाडु ने तय कर लिया है कि 19 अप्रैल को हर वोट बीजेपी और एनडीए को जाएगा. अब तमिलनाडु ने तय कर लिया है – एनडीए इस बार 400 के पार जाएगा.’