पहली बार किसी महिला अधिकारी ने संभाला अस्पताल सेवा महानिदेशक का पदभार..

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24अक्टूबर। अस्पताल सेवा (सशस्त्र बल) के महानिदेशक का पद एयर मार्शल साधना सक्सेना नायर ने संभाला है। वायुसेना के अधिकारियों ने एक बयान में कहा, भारतीय वायुसेना की अधिकारी एयर मार्शल साधना सक्सेना नायर प्रभावी रूप से केवल दूसरी महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने पूरे सेवाकाल में वायुसेना में अलग-अलग पदों पर सेवाएं देने के बाद एयर मार्शल के पद तक पहुंची। पदभार ग्रहण करते समय वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी भी मौजूद रहे।

वायुसेना ने कहा, एयर मार्शल पद पर पहुंचने की उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी एयर मार्शल पद्मा बंदोपाध्याय (सेवानिवृत्त) थीं। एयर मार्शल साधना की नियुक्ति पर वायुसेना ने कहा, नायर ने आज अस्पताल सेवा (सशस्त्र बल) महानिदेशक का पदभार संभाला।

गौरतलब है कि अस्पताल सेवा (सशस्त्र बल) महानिदेशक बेहद प्रतिष्ठित पद माना जाता है। ये सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) का हिस्सा है। एयर मार्शल साधना एयर मार्शल केपी नायर (सेवानिवृत्त) की पत्नी हैं। नायर भारतीय वायुसेना के पहले और एकमात्र एयर मार्शल जोड़े भी हैं।

उन्हें भारतीय वायुसेना के डॉक्टरों की बेटी और बहन होने के साथ-साथ भारतीय वायुसेना के लड़ाकू पायलटों की पत्नी और मां होने का अनूठा गौरव प्राप्त है। उनके परिवार की तीन पीढ़ियों ने पिछले सात दशकों में भारतीय वायुसेना में सेवा की है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.