समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7 दिसंबर
यदि आप भी ट्रेन में सफर करते है तो यह खबर आपके लिए है। जल्द यात्रियों को देश के बड़े रेलवे स्टेशनों पर ज्यादा किराया देना पड़ सकता है। भारतीय रेलवे कई स्टेशनों पर रीडेवलपमेंट का काम शुरू करने जा रही है, जिसके लिए यात्रियों से सर्विस चार्ज लिया जा सकता है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, सरकार की नजर इस समय 100 से ज्यादा स्टेशनों पर जहां पर ये काम शुरू किया जा सकता है। ये काम प्राइवेट प्लेयर की मदद से किया जाएगा तो ऐसे में वह अपनी कमाई के लिए यात्रियों से यूजर चार्ज ले सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कैबिनेट आने वाले 2 हफ्तों में इस पर फैसला ले सकती है कि यात्रियों से कितना यूजर चार्ज लिया जाएगा। इसके अलावा ये चार्ज किन-किन स्टेशनों पर लागू होगा। रेल मंत्रालय इसको लेकर जल्द फैसला ले सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि ये चार्ज 10 से 50 रुपये के बीच में हो सकता है।
आपको बता दें अलग-अलग क्लास में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ये चार्ज अलग-अलग हो सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि इंडियन रेलवे शुरुआत में 120 स्टेशनों पर यूजर चार्ज लागू कर सकता है। इन स्टेशनों की लिस्ट में नई दिल्ली, मुंबई (छत्रपति शिवाजी टर्मिनस), नागपुर, तिरुपति, चंडीगढ़, ग्वालियर जैसे कई स्टेशनों का नाम शामिल है। इसके अलावा सूत्रों का यह भी कहना है कि इसका असर प्लेटफॉर्म टिकट पर भी पड़ सकता है यानी इसके लिए भी ज्यादा चार्ज देना पड़ सकता है।