समग्र समाचार सेवा
शिमला , 5 दिसंबर
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के ऊपरी हिस्सों में शुक्रवार रात हिमपात होने के बाद लाहौल स्पीति को जोड़ने वाली अटल रोहतांग सुरंग एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गई है। वहीं प्रदेश में मौसम में एक बार फिर से करवट लेनी शुरू कर दी है। प्रदेश में शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आगामी कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी की सम्भावना है। शनिवार सुबह की शुरुआत बादलों के साथ हुई। सूरज और बादलों के बीच दिनभर लुका छिपी चली रही। बादल छाने से ठंड में इजाफा हुआ है। राज्य में गत 24 घंटों में केलांग सहित लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है जिससे तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। केलांग में दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति को जोड़ने वाली अटल रोहतांग सुरंग यातायात के लिए एक बार फिर बंद हो गई है। बीती रात हुई ताजा बर्फबारी के चलते सुरंग के नॉर्थ पोर्टल में सिस्सू के पास सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई है जिसके यहां वाहनों की आवाजाही रुक गई है।
मौसम विज्ञान के निदेशक डाॅ मनमोहन सिंह ने बताया कि गत सात दिसम्बर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की सम्भावना जताई है। यह सिलसिला 11 दिसम्बर तक जारी रहेगा। इसके साथ ही सुबह शाम की ठंड जारी है। आने वाले दिनों में ठंड के बढ़ने की सम्भावना व्यक्त की है। प्रदेश में बीती रात सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -3.5 डिग्री सेल्सियस तथा ऊना में अधिकतम 25.8 डिग्री सैल्सियस रहा। किन्नौर जिले के कल्पा में शून्य डिग्री और कुल्लू के मनाली और मंडी के सुंदरनगर में 5.0 डिग्री, भुंतर और सोलन में चार डिग्री, शिमला में 7.6, धर्मशाला 8.6, पालमपुर 6.0, नाहन 11.8, मंडी में 5.1, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 8.0, चम्बा 7.9, डलहौजी 6.8 और कुफरी में 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।