अखिलेश यादव ने कहा, BJP सरकार पूंजीपतियों से मिलकर किसानों के खिलाफ रच रही षडयंत्र

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ,4 दिसंबर

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार दिन में किसानों से बेनतीजा वार्ता करती है और रात में पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षडयंत्र रचती है।अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि, भाजपा सरकार दिन में किसानों से बेनतीजा वार्ता करती है व रात में पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षडयंत्र रचती है। भाजपा सरकार वार्ता को लंबा खींचकर भी आंदोलन को कमजोर न कर पायेगी क्योंकि देश किसानों के साथ है। किसानों को सता कर भाजपा सत्ता मे नहीं रह पाएगी।

इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने एक बयान में कहा था कि भाजपा के कुशासन से अन्नदाता बर्बाद है। भाजपा राज में किसान की आय दुगुनी करने के झूठे आश्वासन से कृषि कानूनों की आड़ में किसानों की जमीन हड़पने का जो षडयंत्र है उसे खेती किसानी करने वाले अच्छे से समझते हैं। किसानों का असंतोष आक्रोश बनकर फूट पड़ा है। भाजपा शासित राज्यों के किसान भी आंदोलित हैं। किसान भाइयों के हित में समाजवादी सरकार ने एमएसपी दिलाने के लिए मंडियों की स्थापना और कृषि सुरक्षा वाली संरचना के विस्तार पर कदम उठाए थे, भाजपा ने इनको चौपट करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को उलझाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगाए जा रहे हैं। साथ ही भाजपा अपने किए को सही ठहराने की हठधर्मी भी पाले हुए है। समाज अब जागरूक और सजग है। उसे कोई भ्रमित नहीं कर सकता है। किसान जवाब और समाधान तत्काल चाहता है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.