समग्र समाचार सेवा
हाथरस, 21नवंबर।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी दो दलित किशोरियों को दो युवकों ने बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। रात भर गायब रहने के बाद सुबह जब दोनों घर पहुंचीं तो उन्होंने मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने कोतवाली में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों किशोरियों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेज दिया।
जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी दो किशोरियां बृहस्पतिवार की शाम को गायब हो गईं। परिवार के लोगों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर उनके पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर गांव वालों की मदद से उनकी तलाश शुरू की। आरोप है कि दोनों किशोरियों को दो युवक अपने साथ कार से ले गए जिसके बाद आरोपियों नें अपी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।
आरोपियों ने दोनों को शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के बाहर छोड़ दिया। इसके बाद दोनों किशोरियों ने घर जाकर दुष्कर्म की पूरी जानकारी परिजनों को दी। परिजन अपनी बेटियों को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। किशोरियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी धर्मेंद्र ने हमको फोन करके रात में बुलाया था जिस पर वह अपनी सहेली को साथ लेकर घर वालों को बिना बताए चली गई थी। वहां पर धर्मेंद्र व उसके साथी अर्जुन ने उनके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोनों किशोरियों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने नामजद आरोपी धर्मेंद्र व अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।