दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, विदेश से जुड़े मिले साज़िश के तार
गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में अशांति फैलाने की साज़िश नाकाम, दो आरोपी दबोचे गए
-
26 जनवरी से पहले माहौल बिगाड़ने की थी साज़िश
-
दिल्ली के दो इलाकों में लिखे गए थे खालिस्तान समर्थक नारे
-
कनाडा से रची गई साज़िश, पन्नू के करीबी के जरिए हुई फंडिंग
-
भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में मामला दर्ज
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली। 06 फरवरी: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले माहौल खराब करने की साज़िश के तहत खालिस्तान समर्थक नारे लिखने वाले दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और रोहिणी जिले की संयुक्त टीम ने की।
दो जगहों पर लिखे गए थे नारे
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में ‘प्रो-खालिस्तान’ और ‘खालिस्तान ज़िंदाबाद’ जैसे नारे लिखे थे। इसका मकसद 26 जनवरी से पहले राजधानी में तनाव का माहौल बनाना और कानून-व्यवस्था को चुनौती देना था।
विदेश से जुड़े मिले साज़िश के तार
जाँँच में सामने आया है कि इस पूरी साज़िश की रूपरेखा विदेश में तैयार की गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कनाडा में बैठे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस योजना को अंजाम देने के निर्देश दिए थे।
दो लाख रुपये में किया गया था हायर
पन्नू के एक करीबी के जरिए बलजिंदर और रोहित उर्फ़ कीरथ को इस काम के लिए हायर किया गया था। आरोपियों को दो लाख रुपये का लालच देकर दिल्ली में खालिस्तान समर्थक नारे लिखवाए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बलजिंदर पेशे से एम्बुलेंस चालक है, जबकि रोहित उसका करीबी सहयोगी है।
26 जनवरी से पहले तनाव बढ़ाने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि यह साज़िश विशेष रूप से गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में डर और अस्थिरता पैदा करने के उद्देश्य से रची गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पन्नू के खिलाफ पहले से दर्ज है एफआईआर
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने 23 जनवरी को गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ 26 जनवरी के आसपास दिल्ली में अशांति फैलाने की कथित धमकियों को लेकर एफआईआर दर्ज की थी। स्पेशल सेल ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत मामला दर्ज किया है।
वीडियो के बाद तेज हुई जाँँच
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के बाद तेज हुई थी, जिसमें पन्नू ने कथित तौर पर गणतंत्र दिवस के आसपास दिल्ली को निशाना बनाने की धमकी दी थी। वीडियो में रोहिणी और डाबरी जैसे इलाकों में तथाकथित स्लीपर सेल के जरिए खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए जाने का दावा भी किया गया था।