निर्मला सीतारमण का ‘बजट लुक’: मरून साड़ी में दिखी परंपरा और आत्मविश्वास
बजट के दिन फिर खास रही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की साड़ी
-
बजट के दिन वित्त मंत्री की साड़ी हमेशा देती है प्रतीकात्मक संदेश
-
बजट 2026-27 के लिए मरून रंग की साड़ी का किया चयन
-
लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
-
पिछले बजट में मधुबनी कला वाली साड़ी रही थी चर्चा में
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 1 फ़रवरी: केंद्रीय बजट के दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पहनावा हमेशा चर्चा का विषय रहता है। बजट भाषण के साथ-साथ उनकी साड़ी भी अपने सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक संदेश के कारण सुर्खियों में रहती है। इस बार बजट 2026-27 के लिए वित्त मंत्री मरून रंग की साड़ी में नजर आईं, जिसमें सादगी के साथ गरिमा झलकती दिखी।
साड़ी के रंग में छिपा संदेश
बजट के दिन निर्मला सीतारमण द्वारा चुनी जाने वाली साड़ी अक्सर किसी न किसी सांस्कृतिक, सामाजिक या सकारात्मक संकेत से जुड़ी होती है। मरून रंग को आत्मविश्वास, स्थिरता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक माना जाता है, जो आर्थिक फैसलों के लिहाज से भी अहम संकेत देता है।
पिछले साल की याद
साल 2025 के बजट के दौरान वित्त मंत्री ऑफ-व्हाइट सिल्क साड़ी में दिखाई दी थीं, जिस पर बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला उकेरी गई थी। यह साड़ी उन्हें पद्म पुरस्कार विजेता कलाकार दुलारी देवी ने भेंट की थी। उस साड़ी पर बना ‘मछली’ का चित्र सुख-समृद्धि और विकास का प्रतीक माना गया था।
लगातार नौवां बजट
निर्मला सीतारमण आज सुबह 11 बजे केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने जा रही हैं। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
संक्षिप्त परिचय
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। राजनीति में आने से पहले वे कॉर्पोरेट क्षेत्र से जुड़ी रहीं।
साल 2006 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 2014 में मोदी सरकार में उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान मिला। पहले कार्यकाल में वे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की स्वतंत्र प्रभार मंत्री रहीं, 2017 में रक्षा मंत्री बनीं और 2019 से देश की वित्त मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।