बांग्लादेश सरकार का बड़ा फैसला, इंडियन इकोनॉमिक ज़ोन परियोजना रद्द
मीरसराय में अब बनेगा रक्षा औद्योगिक पार्क, अंतरिम सरकार ने लिया निर्णय
-
चटगांव के मीरसराय में प्रस्तावित इंडियन इकोनॉमिक ज़ोन परियोजना रद्द
-
परियोजना स्थल पर रक्षा औद्योगिक पार्क विकसित करने का निर्णय
-
बीईजेडए गवर्निंग बोर्ड की बैठक में लिया गया फैसला
-
मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस की अध्यक्षता में हुई बैठक
समग्र समाचार सेवा
ढाका। 27 जनवरी: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत के लिए प्रस्तावित इंडियन इकोनॉमिक ज़ोन परियोजना को रद्द करने का फैसला किया है। यह परियोजना चटगांव के मीरसराय क्षेत्र में विकसित की जानी थी। अब उसी स्थान पर एक रक्षा औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा।
बीईजेडए ने दी आधिकारिक जानकारी
बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश आर्थिक क्षेत्र प्राधिकरण (बीईजेडए) के कार्यकारी अध्यक्ष चौधरी आशिक महमूद बिन हारून ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस निर्णय की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफीकुल आलम भी मौजूद रहे।
गवर्निंग बोर्ड की बैठक में लिया गया निर्णय
यह फैसला ढाका के तेजगांव स्थित मुख्य सलाहकार कार्यालय में बीईजेडए गवर्निंग बोर्ड की बैठक के दौरान लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने की।
रक्षा उत्पादन पर जोर
चौधरी आशिक महमूद ने बताया कि इंडियन इकोनॉमिक ज़ोन के लिए मीरसराय में बड़े पैमाने पर भूमि आवंटित की गई थी। परियोजना रद्द होने के बाद इस भूमि का उपयोग रक्षा औद्योगिक पार्क के रूप में किया जाएगा।
उन्होंने हाल के वैश्विक संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बार आधुनिक युद्धक विमानों की बजाय गोला-बारूद और बुनियादी सैन्य उपकरणों की कमी संकट का कारण बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए घरेलू रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की आवश्यकता है।