अल्पसंख्यक असुरक्षा की एक और तस्वीर, नरसिंदी में हिंदू युवक की दर्दनाक मौत
राष्ट्रीय चुनावों से पहले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराई
-
नरसिंदी शहर में गैराज के भीतर सो रहे 23 वर्षीय हिंदू युवक की दर्दनाक मौत
-
पुलिस को साजिशन आगजनी की आशंका, जाँच तेज
-
पेट्रोल और इंजन ऑयल के कारण आग ने लिया भयावह रूप
समग्र समाचार सेवा
नरसिंदी/ढाका| 26 जनवरी: बांग्लादेश के नरसिंदी शहर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गैराज के अंदर सो रहे एक हिंदू युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना राजधानी ढाका से लगभग पचास किलोमीटर दूर हुई। पुलिस इस मामले को संदिग्ध आगजनी मानकर जाँच कर रही है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान चंचल चंद्र भौमिक के रूप में हुई है। वह कुमिल्ला जिले के लक्ष्मीपुर गांव का निवासी था। चंचल नरसिंदी के खानाबाड़ी मस्जिद बाजार क्षेत्र में स्थित एक वाहन मरम्मत गैराज में काम करता था। उसके पिता का नाम खोकन चंद्र भौमिक बताया गया है।
सोते समय लगाया गया आग
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, चंचल शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद गैराज लौटा और वहीं सो गया। देर रात अज्ञात लोगों ने गैराज में आग लगा दी। गैराज के भीतर मौजूद पेट्रोल, इंजन ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल गई।
दम घुटने और जलने से मौत
आग की चपेट में आने से चंचल गंभीर रूप से झुलस गया। धुएं के कारण उसका दम भी घुट गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी जब्त किए गए हैं, जिनमें कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जाँच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
चुनावी माहौल में बढ़ी चिंता
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब बांग्लादेश में राष्ट्रीय चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है अल्पसंख्यक अधिकारों से जुड़े संगठनों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि चुनावी दौर में धार्मिक अल्पसंख्यक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएँ
हाल के दिनों में बांग्लादेश के अलग-अलग जिलों से हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएँ सामने आई हैं।गाजीपुर में एक हिंदू मिठाई दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।सिलहट जिले में एक हिंदू परिवार के घर को आग के हवाले कर दिया गया।फेनी जिले में एक हिंदू ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि इन सभी मामलों की जाँच जारी है।