बांग्लादेश में हिंदू विधवा के साथ बलात्कार के बाद पेड़ से बांधकर बाल काटे

झेनाइदाह में दरिंदगी: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, यूनुस सरकार के दावों पर फिर सवाल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • झेनाइदाह जिले के कालिगंज में 40 वर्षीय हिंदू विधवा के साथ सामूहिक बलात्कार
  • आरोपियों ने पेड़ से बांधकर बाल काटे, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाया
  • घायल अवस्था में महिला को झेनाइदाह सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
  • पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की

समग्र समाचार सेवा
झेनाइदाह (बांग्लादेश)। 05 जनवरी: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों के दावे एक बार फिर कठघरे में हैं। यूनुस सरकार की ओर से सुरक्षा के आश्वासनों के बीच झेनाइदाह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 40 वर्षीय हिंदू विधवा के साथ पहले बलात्कार किया गया और फिर उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए गए।

कालिगंज उपजिला में वारदात

घटना झेनाइदाह जिले के कालिगंज उपजिला के नादिपारा इलाके की है। आरोप है कि स्थानीय बदमाश शाहिन और उसके साथी हसन ने शनिवार रात महिला के घर में घुसकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला के विरोध और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे पेड़ से बांध दिया और उसके बाल काट दिए।

वीडियो बनाकर किया वायरल

आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर वायरल कर दिया गया। महिला के बेहोश हो जाने पर स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में बचाया और झेनाइदाह सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

पहले से परेशान कर रहा था आरोपी

पीड़िता के बयान के अनुसार, करीब ढाई साल पहले उसने शाहिन और उसके भाई से 20 लाख रुपये में जमीन और मकान खरीदा था। इसके बाद से ही शाहिन उस पर बुरी नज़र रखने लगा और अश्लील व्यवहार करने लगा। महिला के विरोध करने पर उसे लगातार परेशान किया जाता रहा।

रिश्तेदारों पर भी हमला

शनिवार शाम जब महिला के दो रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे, तभी आरोपी वहां पहुंचे। पैसे की मांग पूरी न होने पर दोनों रिश्तेदारों पर हमला कर उन्हें भगा दिया गया और फिर महिला के साथ दरिंदगी की गई।

मेडिकल जाँच में पुष्टि

झेनाइदाह जनरल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहम्मद मुस्तफिजुर रहमान ने बताया कि शुरुआत में महिला ने घटना स्वीकार नहीं की थी, लेकिन बाद में चिकित्सीय जाँच में उसके साथ दुर्व्यवहार की पुष्टि हुई।

पुलिस का बयान

झेनाइदाह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलाल हुसैन ने कहा कि पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.