नौकरी ज्वाइन नहीं करेंगी डॉ. नुसरत परवीन, सीएम नीतीश ने हटाया था हिज़ाब

डॉ. नुसरत परवीन बिहार छोड़कर कोलकाता चली गईं, फिलहाल वह बिहार सरकार की नौकरी जॉइन नहीं करेंगी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • डॉ. नुसरत परवीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हिज़ाब हटाने की घटना के बाद सदमे में हैं।
  • वह बिहार छोड़कर कोलकाता अपने परिवार के पास चली गईं और फिलहाल नौकरी जॉइन नहीं करेंगी।
  • घटना के समय डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने हिज़ाब हटाने से रोकने की कोशिश की थी।
  • डॉ. नुसरत ने कहा कि हिजाब उनकी संस्कृति और पहचान का हिस्सा है, और यह घटना उनके लिए अपमानजनक रही।

समग्र समाचार सेवा
पटना | 18 दिसंबर: सीएम नीतीश कुमार ने जिस महिला डॉक्टर डॉ. नुसरत परवीन का हिजाब हटाया था, उन्होंने अब बिहार छोड़ दिया है। फिलहाल वह बिहार सरकार की नौकरी जॉइन नहीं करेंगी। वह अब कोलकाता अपने परिवार के पास चली गई हैं।

दरअसल, सोमवार 15 दिसंबर को आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देने के दौरान डॉ. नुसरत परवीन के चेहरे से सीएम नीतीश कुमार ने हिजाब हटा दिया था। इस पर लोगों की कई प्रतिक्रिया देखने को मिली।

घटना के अगले दिन ही नुसरत कोलकाता अपने परिवार के पास चली गईं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि नुसरत का परिवार उन्हें समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह वापस बिहार आकर नौकरी जॉइन करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं। यह बातें नुसरत के भाई ने एक मीडिया चैनल से कही। बताया गया कि घटना के बाद से नुसरत परवीन सदमे में हैं। परिवार लगातार उन्हें समझा रहा है, लेकिन वह समझने को तैयार नहीं हैं। परिवार ने बिहार लौटने और नौकरी जॉइन करने का फैसला अब नुसरत पर ही छोड़ दिया है।

बताया गया कि 15 दिसंबर को उन्होंने सबसे पहले अपने भाई को फोन करके घटना की जानकारी दी थी। फोन के दौरान वह भावुक थीं। भाई ने कोलकाता आने को कहा, इसके बाद वह अगले दिन कोलकाता आ गईं।

नुसरत ने अपने भाई से कहा, “मैं यह नहीं कह रही कि मुख्यमंत्री ने जो किया वह इंटेंशनली किया, लेकिन जो हुआ वह मुझे अच्छा नहीं लगा। वहां बहुत सारे लोग थे। कुछ तो हंस रहे थे। एक लड़की होने के नाते वह मेरे लिए अपमान जैसा था।

मैंने स्कूल से लेकर कॉलेज तक हिजाब में ही रहकर पढ़ाई की। घर हो, मार्केट हो या मॉल, हर जगह मैं हिजाब पहनकर गई। कभी ऐसा नहीं हुआ। अब्बू-अम्मी ने भी घर में हमेशा यही सिखाया। हिजाब हमारी संस्कृति का हिस्सा है।”

दरअसल, सोमवार को सीएम नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. नुसरत को पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उन्हें देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई।

सीएम ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा, “ये क्या है जी?” महिला ने जवाब दिया, “हिजाब है सर।”सीएम ने कहा, “हटाइए इसे।” इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया।

इस दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को रोकने के प्रयास में उनकी आस्तीन खींचते हुए नजर आए। हिजाब हटाने से महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहते हुए डॉ. नुसरत का हिजाब हटाया था कि “बेटा फोटो नहीं आपकी।” मौका आयुष चिकित्सकों के नियुक्ति पत्र वितरण का था। मुख्यमंत्री नियुक्ति पत्र दे रहे थे। डॉ. नुसरत नियुक्ति पत्र लेने आईं और हिजाब लगाए थीं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, मंगल पांडेय, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को फिर से नियुक्ति पत्र थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से चली गई।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.