बिहार में नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू, नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफ़ा

एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार गठन की उलटी गिनती तेज़, 19 नवंबर को भंग होगी विधानसभा

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर अपना इस्तीफ़ा सौंपा, राज्यपाल ने स्वीकार किया
  • राज्यपाल ने नीतीश कुमार को नई सरकार बनने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा
  • 19 नवंबर को मौजूदा विधानसभा की अवधि समाप्त होने के बाद NDA को सरकार गठन का न्यौता मिल सकता है
  • भाजपा विधायक दल और NDA की संयुक्त बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी

समग्र समाचार सेवा
पटना, 17 नवंबर: बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। राज्यपाल ने उनसे अनुरोध किया है कि वे नई सरकार के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालते रहें।

इस्तीफ़े के साथ ही यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि 19 नवंबर को मौजूदा विधानसभा भंग कर दी जाएगी, जिससे नई सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी तरह खुल जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, NDA को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद राजभवन की ओर से भेजा गया यह पत्र अब सरकार गठन की औपचारिकता का हिस्सा बन चुका है। जैसे ही विधानसभा भंग होगी, राज्यपाल NDA को सरकार बनाने के लिए औपचारिक निमंत्रण दे सकते हैं।

उधर, भाजपा ने अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद NDA गठबंधन की संयुक्त बैठक में अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।

नीतीश कुमार का राजभवन पहुंचना संकेत देता है कि नई सरकार का खाका लगभग तय है और किसी भी समय औपचारिक घोषणा हो सकती है। आने वाले 48 घंटे बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.