न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बने जोहरान ममदानी, पत्नी रामा ने पर्दे के पीछे से रचा इतिहास
भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने ट्रंप और मस्क जैसे प्रभावशाली विरोधियों को हराकर रचा इतिहास, उनकी पत्नी रामा दुवाजी बनीं ‘साइलेंट स्ट्रैटेजिस्ट’
-
34 वर्षीय जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर
-
डोनाल्ड ट्रंप ने दी थी चेतावनी कि ममदानी की जीत पर फंड रोका जाएगा
-
फिल्मकार मीरा नायर और प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं जोहरान
-
पत्नी रामा दुवाजी ने चुनाव अभियान की विजुअल आइडेंटिटी और रणनीति तैयार की
समग्र समाचार सेवा
न्यूयॉर्क, 5 नवम्बर: भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने इतिहास रचते हुए न्यूयॉर्क शहर के मेयर का चुनाव जीत लिया है। वे शहर के पहले मुस्लिम मेयर बने हैं। 34 वर्षीय ममदानी ने डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के बावजूद जीत दर्ज की, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क को फंड नहीं मिलेगा।
जोहरान ममदानी खुद को “डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट” बताते हैं और उनकी जड़ें भारत व अफ्रीका दोनों से जुड़ी हैं। उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार एंड्र्यू क्युओमो और रिपब्लिकन प्रत्याशी कर्टिस स्लिवा को हराया। उनके पिता महमूद ममदानी अफ्रीकी इतिहास के जाने-माने प्रोफेसर हैं और मां प्रसिद्ध भारतीय फिल्मकार मीरा नायर हैं।
1991 में युगांडा की राजधानी कंपाला में जन्मे ममदानी का बचपन दक्षिण अफ्रीका और फिर न्यूयॉर्क में बीता। उन्होंने बैंक स्ट्रीट स्कूल फॉर चिल्ड्रेन और ब्रॉन्क्स हाई स्कूल ऑफ साइंस से पढ़ाई की। 2014 में बोडोइन कॉलेज से Africana Studies में स्नातक किया। वे हिंदी में भी दक्ष हैं और उन्होंने भारतीय मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अपनी कैंपेनिंग में हिंदी का प्रयोग किया।
कॉलेज के दौरान उन्होंने Students for Justice in Palestine की स्थानीय शाखा की सह-स्थापना की थी। बाद में वे Foreclosure Prevention Counselor के रूप में कार्यरत रहे और राजनीति में सक्रिय हुए। 2020 में उन्होंने Democratic Socialists of America (DSA) के टिकट पर न्यूयॉर्क की विधानसभा में प्रवेश किया और 2022 तथा 2024 में निर्विरोध चुने गए।
उनके अब तक 20 विधेयक पेश हो चुके हैं, जिनमें से तीन कानून बन चुके हैं।
पत्नी रामा दुवाजी की अहम भूमिका
जोहरान ममदानी के अभियान में उनकी पत्नी रामा दुवाजी ने पर्दे के पीछे से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 28 वर्षीय रामा पेशे से कलाकार हैं और उन्होंने पूरे अभियान की विजुअल आइडेंटिटी तैयार की — जिसमें Metrocard Yellow, Mets Blue और Firehouse Red रंगों का मिश्रण था।
टेक्सास में जन्मीं और दुबई-कतर में पली-बढ़ी रामा ने School of Visual Arts, New York से मास्टर्स किया है। दोनों की मुलाकात 2021 में Hinge डेटिंग ऐप पर हुई थी और 2024 में दुबई में सगाई कर विवाह किया। भले ही आलोचकों ने उनके भव्य समारोह पर सवाल उठाए हों, रामा ने शांत रहकर अपने पति के अभियान को मजबूत दिशा दी और विजुअल अपील से मतदाताओं को जोड़ने में अहम योगदान दिया।