आरजेडी सत्ता में आई तो ‘जंगल राज’ लौटेगा: अमित शाह; प्रियंका गांधी बोलीं – वोटर लिस्ट से काटे गए 65 लाख नाम, ‘डबल इंजन सरकार’ के झांसे में न आएं जनता
पहले चरण की वोटिंग से पहले बिहार में गरमाया सियासी माहौल — बेगूसराय में प्रियंका गांधी ने एनडीए पर साधा निशाना, गोपालगंज से शाह ने चेताया ‘जंगल राज’ के खतरे से
-
प्रियंका गांधी ने कहा, “एनडीए सरकार ने संविधान प्रदत्त मताधिकार को कमजोर किया, वोटर लिस्ट से 65 लाख नाम काटे गए।”
-
एनडीए नेताओं पर बेरोजगारी, पलायन और किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ने का आरोप।
-
अमित शाह ने कहा “राजद सत्ता में लौटा तो जंगल राज वापस आएगा, गोपालगंज के लोग साधु यादव के कारनामे नहीं भूले।”
-
दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हमला बोलकर बिहार की सियासत को और गरम कर दिया।
समग्र समाचार सेवा
बेगूसराय/गोपालगंज, 2 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन और एनडीए दोनों ने अपने-अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। एक ओर जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेगूसराय में एनडीए सरकार पर तीखे हमले किए, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोपालगंज से राजद पर निशाना साधते हुए चेताया कि “राजद की वापसी का मतलब होगा जंगल राज की वापसी।”
🔸 प्रियंका गांधी का पलटवार: “डबल इंजन सरकार ने जनता से छल किया”
बेगूसराय में हुई रैली में प्रियंका गांधी ने लोगों से ‘डबल इंजन सरकार’ के वादों के झांसे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों में एनडीए की सरकारें होने के बावजूद बिहार आज भी बेरोजगारी, पलायन और महंगाई की मार झेल रहा है।
हमारे संविधान ने आपको सबसे बड़ी ताकत दी है, आपका मत। लेकिन एनडीए सरकार ने आपके इस अधिकार को कमजोर किया है। उन्होंने समाज में नफरत फैलाई और वोटर लिस्ट से 65 लाख नाम काट दिए, प्रियंका गांधी वाड्रा
प्रियंका ने कहा कि एनडीए के नेता बिहार की जनता से जुड़े असल मुद्दों पर बात नहीं करते।
जब ये लोग बिहार आते हैं तो या तो बीते 20 सालों की बातें करते हैं या फिर नेहरू और इंदिरा जी का नाम लेते हैं। लेकिन ये लोग आपके वर्तमान की बात नहीं करते, न बेरोजगारी की, न किसानों की, न पलायन की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निजीकरण को बढ़ावा देने और सरकारी संपत्तियां कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री कहते हैं कि वे 1.5 करोड़ नौकरियां देंगे — तो बीते 20 सालों में क्यों नहीं दीं? ये जनता को छलने की कोशिश है,प्रियंका गांधी
प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय और जाति आधारित जनगणना की बात इसलिए करते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि पिछड़े वर्गों को आज भी उनका पूरा हक नहीं मिला है।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने जाति आधारित जनगणना कराई और लोग उससे खुश हैं। यही सच्चा सामाजिक न्याय है, उन्होंने कहा।
🔸 अमित शाह का जवाब: “राजद का मतलब जंगल राज, एनडीए का मतलब विकास”
इधर, गोपालगंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डिजिटल रैली के माध्यम से जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव तय करेगा कि बिहार का भविष्य किसे सौंपा जाए।
एक तरफ वे हैं जिन्होंने बिहार में जंगल राज की शुरुआत की थी, और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी है, जिसने राज्य में विकास किया, अमित शाह
शाह ने राबड़ी देवी के भाई साधु यादव का नाम लेते हुए कहा कि गोपालगंज के लोग उनके कारनामों को आज भी याद रखते हैं।
गोपालगंज के लोगों ने 2002 के बाद से कभी राजद को वोट नहीं दिया। मुझे भरोसा है कि वे इस परंपरा को जारी रखेंगे,उन्होंने कहा।
गृह मंत्री ने कहा कि राजद शासन के समय बिहार के कई गांव नरसंहारों और अपराधों के लिए बदनाम थे, जबकि एनडीए सरकार ने कानून व्यवस्था और विकास पर ध्यान दिया।
आज बिहार में बिजली है, सड़कें हैं, निवेश आ रहा है। लेकिन अगर राजद लौटा, तो फिर वही भय और अराजकता लौट आएगी-शाह