बिहार चुनाव 2025: RJD-VIP में सीटों का बंटवारा तय, मुकेश सहनी की पार्टी को मिलीं 18 सीटें

महागठबंधन के भीतर लंबी बातचीत के बाद सीट बंटवारे पर बनी सहमति, तारापुर सीट पर अभी भी स्थिति अस्पष्ट।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • देर रात तक चली बैठकों के बाद RJD और VIP में डील फाइनल।
  • मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव के बीच आमने-सामने व टेलीफोन पर चर्चा।
  • VIP को 18 सीटें, जल्द शुरू होगा टिकट वितरण।
  • कांग्रेस और RJD में अब भी सीट संख्या को लेकर तनातनी बरकरार।

समग्र समाचार सेवा

पटना | 15 अक्टूबर: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर चल रही खींचतान अब धीरे-धीरे सुलझती दिख रही है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के बीच सीट बंटवारे पर समझौता हो गया है।

मुकेश सहनी की पार्टी को 18 सीटें देने पर दोनों दलों ने सहमति जताई है।

 

जानकारी के मुताबिक, देर रात तक चली कई दौर की बैठकों के बाद यह समझौता फाइनल हुआ। इस दौरान तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के बीच आमने-सामने मुलाकात हुई और उसके बाद टेलीफोन पर भी बातचीत जारी रही। दोनों नेताओं ने जातीय और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखकर सीटों का चयन किया है।

 

हालांकि, तारापुर विधानसभा सीट पर अब भी तस्वीर साफ नहीं है। वीआईपी के वरिष्ठ नेता सकलदेव बिंद ने पहले ही इस सीट से अपनी दावेदारी घोषित कर दी थी, जबकि बीजेपी ने यहां से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मैदान में उतारा है। ऐसे में आरजेडी भी इस सीट को लेकर सक्रिय है।

 

महागठबंधन के भीतर कांग्रेस और आरजेडी के बीच सीटों को लेकर अब भी मतभेद बने हुए हैं। कांग्रेस 60 से अधिक सीटों की मांग पर अड़ी है, जबकि आरजेडी उसे 58 सीटों तक सीमित रखना चाहती है। कांग्रेस का दावा है कि उसने 65 सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए हैं।

 

इस बीच आरजेडी ने 71 उम्मीदवारों को सिंबल जारी कर दिया है। भाकपा (माले) ने 18, सीपीआई ने 6 और सीपीएम ने एक उम्मीदवार का ऐलान किया है। चार और सीटों पर जल्द सहमति बनने की संभावना है।

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सीट बंटवारे की यह कवायद महागठबंधन के भीतर कुछ सीटों पर फ्रेंडली फाइट का कारण भी बन सकती है।

 

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.