बिहार 2025 चुनाव: बीजेपी की पहली लिस्ट में 9 महिलाओं को टिकट, रेनू देवी से श्रेयसी सिंह तक शामिल
बीजेपी ने जारी की 71 उम्मीदवारों की पहली सूची, महिला सशक्तिकरण पर जोर, एनडीए में सीट बंटवारे के बाद हुई घोषणा
-
बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए पहली सूची जारी की
कुल 71 उम्मीदवारों में 9 महिलाएं शामिल
-
एनडीए में सीटों के बंटवारे के बाद घोषित हुई सूची
-
पार्टी ने महिला सशक्तिकरण को दिया मजबूत संदेश
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 14 अक्टूबर:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए बीजेपी ने मंगलवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं, जिनमें से 9 महिला उम्मीदवारों को पार्टी ने मौका दिया है। यह कदम बीजेपी के ‘महिला सशक्तिकरण’ के एजेंडे को भी दर्शाता है।
एनडीए गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर लंबी चर्चा और रणनीतिक बैठकों के बाद बीजेपी ने इन नामों की घोषणा की। इन नौ महिलाओं में कई वरिष्ठ और जानी-मानी चेहरे शामिल हैं, जो पहले भी चुनाव जीत चुकी हैं या संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
1. रेनू देवी – बेतिया से
रेनू देवी बिहार की राजनीति में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। 1 नवंबर 1959 को जन्मी रेनू देवी 2020 से 2022 तक बिहार की सातवीं उपमुख्यमंत्री रहीं। वह वर्तमान में नीतीश सरकार में पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री हैं और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
2. गायत्री देवी – परिहार से
गायत्री देवी (गायत्री यादव) 2015 में पहली बार परिहार सीट से विधायक बनी थीं। उनके पति राम नरेश यादव भी बीजेपी के पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार बनाया है।
3. स्वीटी सिंह – किशनगंज से
किशनगंज विधानसभा सीट से एक बार फिर स्वीटी सिंह को टिकट मिला है। 47 वर्षीय स्वीटी सिंह पेशे से वकील हैं और 2010 से लगातार बीजेपी उम्मीदवार रही हैं।
4. निशा सिंह – प्राणपुर से
निशा सिंह 2020 में प्राणपुर सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीती थीं। वह वरिष्ठ नेता बिनोद सिंह कुशवाहा की पत्नी हैं और क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जानी जाती हैं।
5. कविता देवी – कोरहा से
कविता देवी 2020 में कोरहा से विधायक बनी थीं। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली कविता को दोबारा मौका देकर बीजेपी ने अपने भरोसे को दोहराया है।
6. रमा निषाद – औराई से
रमा निषाद बीजेपी सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं। निकाय चुनाव में हार के बावजूद पार्टी ने विधानसभा में उन पर दोबारा विश्वास जताया है। उन्होंने एमबीए किया है और महिला नेतृत्व को आगे लाने में सक्रिय हैं।
7. अरुणा देवी – वारसलीगंज से
अरुणा देवी, जो ‘डॉन’ कहे जाने वाले अखिलेश सिंह की पत्नी हैं, 2015 से वारसलीगंज से विधायक हैं। 10वीं पास अरुणा का क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है और पार्टी ने उन्हें फिर से टिकट दिया है।
8. श्रेयसी सिंह – जमुई से
श्रेयसी सिंह राजनीति और खेल दोनों जगत की जानी-मानी शख्सियत हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी और पूर्व सांसद पुतुल सिंह की पुत्री श्रेयसी 2020 में आरजेडी के विजय प्रकाश को 41 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर विधायक बनी थीं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटर भी रह चुकी हैं।
9. देवांति यादव – नरपतगंज से
देवांति यादव 2010 में पहली बार बीजेपी से विधायक बनी थीं और पार्टी के पुराने चेहरों में से एक हैं। नरपतगंज में उनका मजबूत जनाधार है।
सीट बंटवारे की तस्वीर:
बीजेपी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि जेडीयू भी 101 सीटों पर मैदान में उतरेगी। चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (जीतन राम मांझी) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (उपेन्द्र कुशवाहा) को 6-6 सीटें मिली हैं।
चुनावी कार्यक्रम:
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इस बार बीजेपी ने महिला उम्मीदवारों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देकर साफ संकेत दिया है कि पार्टी महिला मतदाताओं को साधने पर जोर दे रही है।