समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17 सितंबर, 2025: अफरीदी के इस बयान ने भारत में राजनीतिक हलचल मचा दी है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तुरंत इस बयान को लपक लिया और राहुल गांधी पर हमला बोल दिया। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने “एक्स” (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि “हाफिज सईद के बाद अब शाहिद अफरीदी (आतंकवाद समर्थक और भारत विरोधी) राहुल गांधी की तारीफ कर रहे हैं। भारत से नफरत करने वाले हर व्यक्ति को राहुल गांधी और कांग्रेस में एक साथी मिल जाता है।”
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अफरीदी के बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रिय रहे हैं और पाकिस्तान के लोग उन्हें अपना नेता बना सकते हैं।
कांग्रेस ने दिया पलटवार
बीजेपी के हमलों के बाद कांग्रेस भी बचाव में उतर आई। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर के साथ अफरीदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की। उन्होंने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि “गुलु गुलु तुम करो, चोंचे तुम लड़ाओ, याराना तुम निभाओ और सवाल हमसे पूछोगे? शर्म करो घटिया भाजपाईयों।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी अफरीदी के बयानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “अब जब उनके दामाद की गेंदों पर भारतीय बल्लेबाज प्रहार कर रहे हैं, तो भारत विरोधी बयान पहले से ज्यादा तेज हो गए हैं।”
विवाद की जड़: एशिया कप और भारत-पाक संबंध
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यह जीत पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों को समर्पित की थी, जिससे पाकिस्तान में बौखलाहट देखने को मिली। इसी मुद्दे पर एक चर्चा के दौरान पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ कर एक नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर बहस के दौरान राहुल गांधी को “सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति” बताया, जो बातचीत के जरिए दुनिया के साथ संबंध बनाना चाहते हैं।
अफरीदी ने इस दौरान बीजेपी सरकार की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि वह “अगला इजरायल” बनने की कोशिश कर रही है। जिसके बाद भारत में यह सियासी तूफान खड़ा हो गया। यह पहली बार नहीं है जब अफरीदी ने भारत के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया है।
लेटेस्ट हिंदी समाचार अपडेट के लिए Facebook पर Samagra Bharat के पेज को फॉलो करें।