‘जब औरत सोचती है’: एलन मस्क की माँ ‘माये मस्क’ की पुस्तक का प्रेरणादायक सफर, अब हिंदी में

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

पूनम शर्मा                                                                                                                                                                                                                                                मशहूर उद्यमी एलन मस्क की माँ , जानी-मानी सुपरमॉडल और न्यूट्रिशनिस्ट माये मस्क ने अपनी आत्मकथा A Woman Makes a Plan के हिंदी संस्करण जब औरत सोचती है का भव्य विमोचन मुंबई में 28 अप्रैल को किया था । राजकमल प्रकाशन के सहयोग से प्रकाशित यह किताब, माये मस्क के असाधारण जीवन के संघर्षों, करियर की ऊँचाइयों और मातृत्व की चुनौतियों को सजीवता से अभिव्यक्त  करती है।

यह दिन माये मस्क के लिए दोहरी खुशी लेकर आया, क्योंकि इसी दिन उन्होंने अपना 77वां जन्मदिन भी मनाया। कार्यक्रम के दौरान माये ने हिंदी अनुवाद के साथ कई यादगार तस्वीरें साझा कीं और एक खूबसूरत फूलों से सजे केक के सामने अपनी चिर-परिचित मुस्कान बिखेरी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “मुंबई में अपनी हिंदी किताब की रिलीज़ और जन्मदिन एक साथ मनाना बेहद खास रहा। धन्यवाद, राजकमक बुक्स!” यह दर्शाता है कि भारतीय संस्कृति और भाषा के प्रति उनका कितना सम्मान है।

इससे पहले, माये ने अपने बेटे एलन मस्क द्वारा भेजे गए फूलों की तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था, “धन्यवाद एलन, मुंबई तक भेजे गए इन सुंदर फूलों के लिए। प्यार, म।” यह माँ -बेटे के बीच के गहरे और स्नेहमयी रिश्ते को उजागर करता है।

अपनी मुंबई यात्रा के दौरान, माये मस्क ने भारतीय संस्कृति को तहे दिल से अपनाया। ईस्टर संडे के अवसर पर, उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस के साथ मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर का दौरा किया। दोनों ने पारंपरिक पूजा विधियों में भाग लिया और पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया, जो माये के खुले विचारों और विभिन्न संस्कृतियों के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है। इस दौरान माये पीले रंग के छपे हुए भारतीय परिधान में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

मूल रूप से 2019 में अंग्रेज़ी में प्रकाशित यह आत्मकथा माये मस्क के जीवन के हर पहलू को छूती है। उन्होंने कैसे कठिनाइयों का सामना करते हुए एक सफल मॉडल और न्यूट्रिशनिस्ट के रूप में अपनी पहचान बनाई — यह पुस्तक उसी प्रेरणादायक यात्रा की कहानी है। यह किताब उन सभी महिलाओं के लिए एक मार्गदर्शक है जो अपने जीवन में कुछ हासिल करना चाहती हैं। हिंदी संस्करण विशेष रूप से भारतीय पाठकों, खासकर महिलाओं को, आत्मनिर्भर बनने और अपने जीवन की योजना खुद बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

जैकलीन फर्नांडीस ने इस अवसर पर माये मस्क की प्रशंसा करते हुए कहा, “माये की कहानी यह साबित करती है कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यह हम सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत है, खासकर उन लोगों के लिए जो सोचते हैं कि उम्र के साथ सपने धूमिल हो जाते हैं।”

उल्लेखनीय है कि एलन मस्क भी इसी वर्ष के अंत में भारत यात्रा पर आ सकते हैं, जो टेस्ला की भारत में संभावित लॉन्चिंग से पहले की तैयारी का हिस्सा होगी। माये मस्क की यह यात्रा भारत में मस्क परिवार के बढ़ते जुड़ाव का एक और संकेत है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.