गृह मंत्री का घर जलाया, पाकिस्तान के सिंध में उग्र आंदोलन – सिंधुदेश की माँग तेज, बदल रहा है पाकिस्तान का नक्शा ?
समग्र समाचार सेवा
इस्लामाबाद ,21 मई -पाकिस्तान एक बार फिर गंभीर आंतरिक संकट से गुजर रहा है। सिंध प्रांत में चल रहे आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने सिंध के वरिष्ठ मंत्री हसन लांजार का घर आग के हवाले कर दिया। ये उग्र विरोध सिंधुदेश की मांग को लेकर हो रहा है। अब तक दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं।
मामला क्या है?
यह सारा विवाद सुक्कुर के पास एक नए नहर परियोजना को लेकर शुरू हुआ। इस प्रोजेक्ट के तहत सिंध के पानी को ग्रीन पाकिस्तान इनिशिएटिव के तहत पंजाब भेजा जाना है, जहाँ बड़े पैमाने पर कॉरपोरेट खेती की योजना है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस नहर के ज़रिए सिंध के जल संसाधनों को चुपचाप पंजाब भेजा जा रहा है, जिससे सिंध में सूखा और जल संकट गहराएगा।
“हमें सिंधुदेश चाहिए!” – प्रदर्शनकारियों की माँग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पाकिस्तान सरकार ने सिंध के साथ बार-बार धोखा किया है। सिंध के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण हो रहा है, और अब पानी की लूट आखिरी सीमा है। इसी के चलते लोगों ने अब खुलकर अलग सिंधुदेश की मांग कर दी है।
भीड़ ने “हमें सिंधुदेश चाहिए”, “पंजाब सिंध का पानी नहीं लेगा” जैसे नारे लगाते हुए हसन लांजार के घर पर हमला किया और उसे आग के हवाले कर दिया।
भारत से तुलना और तनाव
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि भारत में पहले ही 2025 से एक बड़ी नदी जोड़ परियोजना शुरू हो चुकी है, जिससे सतलुज, चिनाब, रावी और सिंधु जैसी नदियों का पानी रोका जा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में जो थोड़ा बहुत पानी बचा है, उसे भी अब पंजाब और कॉरपोरेट कंपनियों को बेचा जा रहा है।
पाकिस्तान में अंदरूनी हालात खराब
इस आंदोलन ने पाकिस्तान की राजनीतिक और प्रशासनिक विफलताओं को उजागर कर दिया है। एक ओर आतंकवाद और आर्थिक संकट से जूझता देश, दूसरी ओर अब संघीय ढांचे की टूटन से भी जूझ रहा है। सिंध, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा पहले से ही अलगाववादी आंदोलनों की चपेट में हैं और अब सिंध में खुलेआम गृहयुद्ध जैसे हालात बनते जा रहे हैं।
सिंध में पानी, ज़मीन और पहचान को लेकर उठे विद्रोह की आग अब पूरे पाकिस्तान को झुलसा सकती है। यदि सरकार ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पाकिस्तान का नक्शा आने वाले वर्षों में बदलता हुआ दिख सकता है।