राज कपूर: भारतीय सिनेमा के सांस्कृतिक राजदूत – प्रधानमंत्री मोदी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 14 दिसंबर।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज महान अभिनेता श्री राज कपूर को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उन्हें एक दूरदर्शी फिल्म निर्माता, अभिनेता और सदाबहार शोमैन बताया। श्री मोदी ने कहा कि श्री राज कपूर न केवल भारतीय सिनेमा के एक स्तंभ थे, बल्कि वे भारत की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने वाले सांस्कृतिक राजदूत भी थे। फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं की कई पीढ़ियाँ उनकी प्रतिभा और योगदान से प्रेरणा ले सकती हैं।

प्रधानमंत्री ने एक्स (पूर्ववर्ती ट्विटर) पर एक थ्रेड पोस्ट के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लिखा, “आज, हम महान अभिनेता राज कपूर की 100वीं जयंती मना रहे हैं। वे एक दूरदर्शी फिल्म निर्माता, अभिनेता और सदाबहार शोमैन थे! उनकी प्रतिभा ने पीढ़ियों को प्रभावित किया, भारतीय और वैश्विक सिनेमा पर एक अमिट छाप छोड़ी।”

उन्होंने राज कपूर के सिनेमा के प्रति जुनून और उनकी मेहनत को याद करते हुए कहा, “श्री राज कपूर का सिनेमा के प्रति जुनून कम उम्र में ही शुरू हो गया था और उन्होंने एक अग्रणी कहानीकार के रूप में उभरने के लिए कड़ी मेहनत की। उनकी फ़िल्में कलात्मकता, भावना और यहां तक ​​कि सामाजिक स्थितियों का मिश्रण थीं। वे आम नागरिकों की आकांक्षाओं और संघर्षों को दर्शाती थीं।”

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “राज कपूर की फ़िल्मों के शानदार पात्र और अविस्मरणीय धुनें दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आती हैं। लोग उनकी कृतियों की प्रशंसा करते हैं कि कैसे वे सहजता और उत्कृष्टता के साथ विविध विषयों को दर्शाते हैं। उनकी फ़िल्मों का संगीत भी बेहद लोकप्रिय है।”

प्रधानमंत्री ने श्री राज कपूर की वैश्विक पहचान को रेखांकित करते हुए लिखा, “श्री राज कपूर केवल एक फिल्म निर्माता ही नहीं थे बल्कि एक सांस्कृतिक राजदूत थे। उन्होंने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहुंचाया। फ़िल्म निर्माताओं और अभिनेताओं की कई पीढ़ियाँ उनसे बहुत कुछ सीख सकती हैं। मैं एक बार पुनः उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और रचनात्मक दुनिया में उनके योगदान को याद करता हूँ।”

प्रधानमंत्री के इस भावुक संदेश ने श्री राज कपूर की बहुमूल्य धरोहर को एक बार फिर उजागर किया और भारतीय सिनेमा में उनकी अमिट छाप को नमन किया।

 

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.