समग्र समाचार सेवा
बिहार, 31 अक्तूबर.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पूर्व सहयोगी और करीबी रहे रामचंद्र प्रसाद सिंह उर्फ आरसीपी सिंह ने आज नई पार्टी की घोषणा की। दीपावली के शुभ अवसर पर अपनी पार्टी की स्थापना करते हुए उन्होंने कहा, “आज दीपावली है, और दीप जलाया जाता है, जो आशा जगाता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए मैंने अपनी पार्टी का नाम ‘आशा’ रखा है।”
आरसीपी सिंह ने पार्टी के नाम का पूरा अर्थ बताते हुए कहा कि ‘आशा’ का मतलब है “आप सब की आवाज”। उनका कहना है कि पार्टी का उद्देश्य लोगों की आवाज को सशक्त बनाना और समाज में नई उम्मीदों का संचार करना है।
आरसीपी सिंह ने पार्टी के झंडे का विवरण भी साझा किया। झंडा आयताकार और तीन रंगों का होगा: हरा रंग सबसे ऊपर, पीला रंग बीच में, और नीला रंग सबसे नीचे। उन्होंने कहा, “झंडे के बीच में पीले रंग पर चुनाव आयोग द्वारा दिया गया चिन्ह काले रंग में अंकित होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी का संविधान अन्य पार्टियों के संविधान से अलग होगा, जो एक नई राजनीतिक दिशा और सोच का प्रतीक होगा।
आरसीपी सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध होगी और राज्य में एक नई राजनीतिक शुरुआत का वादा करती है।