समग्र समाचार सेवा
मुंबई,13 अक्टूबर। मुंबई के बांद्रा ईस्ट में शनिवार देर रात एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। अब मुंबई पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, बाबा सिद्दीकी की हत्या एक कॉन्ट्रेक्ट किलिंग थी, जिसके लिए आरोपियों को पहले से पैसे दिए गए थे।
मुंबई पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए करनैल सिंह और धर्मराज कश्यप से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है। दोनों आरोपियों को हत्या के लिए कुछ दिन पहले ही हथियारों की डिलीवरी मिली थी। पुलिस ने बताया कि ये दोनों पिछले डेढ़ से दो महीने से बाबा सिद्दीकी की गतिविधियों पर नज़र रख रहे थे और उन्होंने उनके घर और दफ्तर की रेकी की थी। करनैल सिंह हरियाणा का और धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश का निवासी है।
फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें फरार तीसरे आरोपी शिव कुमार की तलाश में जुटी हैं, जो पुणे में एक स्क्रैप व्यापारी के यहां काम करता था। शिव कुमार और धर्मराज की मुलाकात गुरमैल नामक व्यक्ति से कराई गई थी, जिस पर पहले से ही हत्या का मामला दर्ज है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कहा कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि 1-2 दिनों में सुपारी देने वाले का भी खुलासा कर दिया जाएगा।
आज रात 8:30 बजे बाबा सिद्दीकी का अंतिम संस्कार मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।