समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मथुरा में नवरात्र के पहले ही दिन व्रत के दौरान कुट्टू के आटे की पकौड़ी और पूड़ी खाने पर कई दर्जन लोग बीमार हो गए. न्यूज एजेंसी PTI ने जिला प्रशासन के हवाले से इसकी जानकारी दी. जिला प्रशासन के मुताबिक, जिले में कई स्थानों पर कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाकर व्रती बीमार हो गए. उन्हें उल्टी, मिचली, उबकाई और दस्त होने लगी. उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. फिलहाल इनकी संख्या तीन दर्जन तक बताई जा रही है, जो ज्यादा भी हो सकती है. मालूम हो कि मंगलवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो गया है. इस दौरान व्रत रखने वाले लोग कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी-पकौड़ी खाकर व्रत तोड़ते हैं.
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का निरीक्षण करने के बाद बताया कि इनमें से कुल 14 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन अन्य जगहों से बीमार पड़ने वाले लोगों की जानकारी जुटा रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में इन सभी का इलाज किया जा रहा है और अब वे खतरे से बाहर हैं.
उन्होंने बताया कि खबर मिली थी कि मंगलवार को विकास नगर, महेंद्र नगर एवं द्वारिकेश नगर में कुछ लोगों को कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने से विभिन्न प्रकार की समस्याएं हुईं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनका उपचार जारी है और अब वे ठीक हैं. सिंह ने कहा कि प्रशासन ने ऐसे सभी स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी हैं तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके अलावा, खाद्य एवं औषधि विभाग भी इस प्रकार के व्यंजनों के नमूने जांच के लिए एकत्र कर रहा है.