केजरीवाल की पत्नी ने संभाला मोर्चा, PM पर किया हमला, कहा “आपके 3 बार चुने हुए मुख्यमंत्री को मोदीजी ने सत्ता के अहंकार में गिरफ़्तार करवाया”

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 22 मार्च। दिल्ली के सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी ने केंद्र पर हमला बोला है. केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी पर दिल्ली के सीएम को गिरफ्तार करवाने का आरोप लगाया है.

उन्होंने लिखा, ‘आपके 3 बार चुने हुए मुख्यमंत्री को मोदीजी ने सत्ता के अहंकार में गिरफ़्तार करवाया. सबको क्रश करने में लगे हैं. यह दिल्ली के लोगों के साथ धोखा है. आपके मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़े रहे हैं. अंदर रहें या बाहर, उनका जीवन देश को समर्पित है. जनता जनार्दन है सब जानती है, जय हिन्द.’

ईडी ने अरविंद केजरीवाल को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को बृहस्पतिवार रात को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी रात ईडी कार्यालय में बिताई. आज ईडी ने उनको कोर्ट में पेश कर 10 दिन की रिमांड मांगी है. जिसपर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है.

दिल्ली के सीएम पर लगाए ये आरोप
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस दौरान अदालत में कहा कि अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले के मामले में अन्य मंत्रियों और आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ ‘मुख्य साजिशकर्ता’ थे. ईडी ने राउज एवेन्यू अदालत में विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा से कहा कि केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 बनाने और उसे लागू करने के लिए ‘साउथ ग्रुप’ से रिश्वत के तौर पर कई करोड़ रुपये प्राप्त हुए.

एजेंसी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) एस.वी. राजू ने अदालत में कहा कि केजरीवाल ने पंजाब चुनाव लड़ने के लिए ‘साउथ ग्रुप’ के कुछ आरोपियों से 100 करोड़ रुपये मांगे थे. उन्होंने कहा कि धन के लेनदेन से पता चला कि गोवा चुनाव में इस्तेमाल की गई 45 करोड़ रुपये की ‘रिश्वत’ चार हवाला मार्गों से आई थी.

आप के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान ‘अरविंद तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे भी लगाए गए.

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.