समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17नवंबर। देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली. हवा न चलने की वजह से दिल्ली का तापमान लगातार कम होने का सिलसिला भी जारी है. बीती रात मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा. एक ही दिन में तापमान में अचानक 3 डिग्री की गिरावट से न्यूनतम तापमान गिरकर 10.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसका सीधा नतीजा यह है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर कम होने के बजाय बढ़ने के संकेत ज्यादा हैं.
दिल्ली में की हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई है. यहां की हवा में घुले जहर की स्थिति को देखते हुए कुछ और कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है. गुरुवार को दिल्ली के अधिकतर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार दर्ज किया गया. ऐसे में सरकार का कहना है कि अगर दिल्ली की हवा और खराब होती है तो कई पाबंदियों को लागू किया जाएगा.
यहां की हवा सबसे ज्यादा खराब
वेदर वेबसाइट https://www.aqi.in/in/ के मुताबिक शुक्रवार की सुबह 7 बजे के करीब दिल्ली के आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 635, कालका जी में 466, बवाना में 598, आरके पुरम में 444, गाजीपुर में 509 दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे के दौरान का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से ज्यादा रहा.
GRAP 4 लागू करने के लिए ‘स्पेशल टास्क फ़ोर्स’ का हुआ गठन
दिल्ली में प्रदूषण को देखते हुए GRAP 4 को ग्राउंड पर सख्ती से लागू करने के मकसद से दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग ने 6 सदस्यों की ‘स्पेशल टास्क फ़ोर्स’ का गठन किया. इस स्पेशल टास्क फोर्स को पर्यावरण विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी हेड करेंगे. स्पेशल टास्क फोर्स दिल्ली सरकार को GRAP 4 के तहत लिए जा रहे एक्शन पर रोजाना रिपोर्ट देगी. पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सम्बंधित विभागों के साथ बैठक के बाद ये फैसला लिया है.