भारत के कोने-कोने में Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग के लिए पूजा-पाठ का दौर

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 23अगस्त। भारत के तीसरे चंद्र मिशन-चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए ना केवल देश बल्कि दुनिया में भी दुआएं मांगी जा रही हैं. मंगलवार (22 अगस्त) को वाराणसी और प्रयागराज में चंद्रयान-3 के लिए की गई पूजा-अर्चना के बाद अब अमेरिका में भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं. दरअसल, न्यू जर्सी के मोनरो में ओम श्री साईं बालाजी मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र में चंद्रयान- 3 की कामयाबी के लिए आज प्रार्थना की गई जिसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो खूब वायरल हो रहा है.

महाकाल मंदिर में विशेष भस्म आरती का आयोजन
वहीं, उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भी चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए विशेष ‘भस्म आरती’ की गई. इस दौरान श्रद्धालु हाथ मे तिरंगा और लैंडर की तस्वीरें लिए बैठे नजर आए और बाबा महाकाल से चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना की. इसके अलावा भोपाल में भी विशेष पूजा अर्चना की गई. यहां महादेव का रुद्राभिषेक पूजन इस कामना के साथ किया जा रहा है कि चंद्रयान की चंद्रमा पर लैंडिंग सफल रहे. लोगों ने यहां मंत्रोच्चार के साथ महादेव का विशेष पूजा अभिषेक किया है. मालूम हो श्रावण मास में रुद्राभिषेक का विधान होता है, लेकिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संस्कृति बचाओ मंच ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग की कामना के साथ रुद्राभिषेक पूजन किया गया. इस पूजा में एक साथ कई पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक किया और भगवान शंकर से प्रार्थना की भारत का ये प्रयास सफल रहे.

महाराष्ट्र के नागपुर में भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने ‘नमो नमो भारताम्बे’ और चंद्रयान गान पर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया. भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने ANI से कहा, भारत का चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसलिए इस पल को यादगार बनाने के लिए मैंने चंद्रयान एंथम पर भरतनाट्यम किया. यह संपूर्ण भारत के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण है. हम उन सभी वैज्ञानिकों का हृदय से आभार व्यक्त करना चाहते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से आज यह संभव हो पाया है.

चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग के लिए देशभर में दुआएं मांगी जा रही हैं. ऐसे में वाराणसी में दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की विशेष आरती हुई. वहीं, लखनऊ में मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने चंद्रयान- 3 की कामयाबी के लिए मस्जिद में दुआ की. इसके अलावा भागलपुर में मन्दिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया साथ ही दशाश्वमेध घाट पर चंद्रयान 3 की सफलता के लिए मां गंगा की विशेष आरती, बाबा श्री काशी विश्वनाथ व मां गंगा से प्रार्थना की गई.

बता दें चंद्रयान-3 की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. आज शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 चांद का कदम चूमने को पूरी तरह से तैयार है. ISRO ने अपडेट देकर बताया है कि चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट-लैंडिंग कराने की प्रक्रिया शाम लगभग 5:45 बजे शुरू हो जाएगी. चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर (Vikram Lander) की चांद के सतह पर अगर सॉफ्ट लैंडिंग सफल होती है तो ऐसा कारनामा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन जाएगा. अब तक अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ इस तकनीक में महारत हासिल कर चुके हैं, हालांकि उनकी ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर नहीं हुई है.

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.