राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया साबरमती आश्रम का दौरा, स्वास्थ्य, सिंचाई, जल आपूर्ति और बंदरगाह विकास से संबंधित परियोजनाओं का किया शिलान्यास
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 3अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वास्थ्य, सिंचाई, जल आपूर्ति से संबंधित गुजरात सरकार की विभिन्न परियोजनाओं और दीनदयाल बंदरगाह, कांडला के उन्नयन से संबंधित पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय की परियोजनाओं का आज (3 अक्टूबर, 2022) को जीएमईआरएस, गांधीनगर से उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि गुजरात के लोगों में उद्यम और नवाचार की संस्कृति है। गुजरात के उद्यमियों ने गुजरात और भारत को एक विशेष पहचान दी है। गुजरात विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि जहां देश की लगभग 5 प्रतिशत आबादी गुजरात में रहती है, वहीं यह कुल राष्ट्रीय कृषि उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत का योगदान करती है। उन्होंने कहा कि गुजरात के कृषि विकास के सफल प्रयोग पूरे देश में अपनाए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि बहुत लंबे समय से, गुजरात की भौगोलिक स्थिति, विशेष रूप से उत्तरी गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में, पानी की कमी ने लोगों के सामने बड़ी समस्याएँ खड़ी की हैं। लेकिन आज वह स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। ‘सरदार सरोवर परियोजना’ के तहत एक विशाल नहर नेटवर्क से लोगों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लाखों लोगों की जिंदगी बदल गई है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि नीति आयोग के ‘समग्र जल प्रबंधन सूचकांक’ के अनुसार, गुजरात पिछले तीन वर्षों से जल प्रबंधन में देश में पहले स्थान पर है।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में गुजरात ने प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य कार्ड जारी करने वाला भारत का पहला राज्य है। उन्हें यह जानकर भी खुशी हुई कि 2020-21 में जारी नीति आयोग की एक रिपोर्ट के अनुसार, सतत विकास लक्ष्य “अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण” को प्राप्त करने में गुजरात देश में पहले स्थान पर है।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि जिन परियोजनाओं का आज उद्घाटन किया गया और जिनकी आधारशिला रखी गई, वे किसानों और उद्यमियों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्हें यह भी विश्वास था कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज, जिसका आज शिलान्यास किया गया, नर्मदा जिले की आदिवासी आबादी की जरूरतों को पूरा करेगा।
इससे पहले अहमदाबाद पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने साबरमती आश्रम का दौरा किया जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और चरखा भी काता।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गांधी नगर में जी.एम.ई.आर.एस परिसर में एक हजार तीन सौ तीस करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि ये परियोजनाएं लोक कल्याण में योगदान देंगी। राष्ट्रपति ने किसानों के बीच प्राकृतिक खेती के बारे में जागरूकता लाने के लिए गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि गुजरात के किसानों ने कृषि विकास के क्षेत्र में कई सफल प्रयोग किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृषि उत्पाद में गुजरात की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है। राष्ट्रपति ने कहा कि नर्मदा योजना की करीब 63 हजार नहरों के नेटवर्क से गुजरात में जल प्रबंधन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गांधी नगर सिविल अस्पताल में तीन सौ 73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और रैन बसेरा की आधारशिला रखी। नये सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में छह सौ बिस्तर और ट्रॉमा सेंटर में दो सौ 55 बिस्तर होंगे। इसके अलावा मरीजों के परिजनों के लिए रैन बसेरा में चार सौ 48 बिस्तरों की सुविधा होगी।
राष्ट्रपति ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से राजपीपला जिले में पांच सौ 30 करोड़ रुपये की लागत के नये जी.एम.ई.आर.एस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ किया। इस कॉलेज में प्रतिवर्ष एम.बी.बी.एस के सौ छात्र प्रवेश ले सकेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे।
इससे पहले आज सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी ने साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्रीमती मुर्मू ने आगंतुक डायरी में लिखा कि महात्मा गांधी की इस पवित्र भूमि की यात्रा ने उन्हें अटूट विश्वास और प्रेरणा दी है। राष्ट्रपति ने गांधी आश्रम में चरखा भी चलाया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति के तौर पर यह उनकी पहली गुजरात यात्रा है।
सुश्री मुर्मू आज शाम गांधी नगर में उनके सम्मान में गुजरात सरकार द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति कल महिला उद्यमियों के लिए गुजरात विश्वविद्यालय के स्टार्ट-अप प्लेटफॉर्म हर स्टार्ट का शुभारंभ करेंगी। वे अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय में शिक्षा और आदिवासी विकास से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगी।