राष्ट्रीय खेल 2022 में अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता के 53 किलोग्राम वर्ग में अंतिम पंघाल ने जीता स्वर्ण पदक
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 3अक्टूबर। राष्ट्रीय खेल 2022 में कल अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता के महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में अंतिम पंघाल ने स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा से संबद्ध अंतिम पंघाल ने अगस्त में अंडर-20 विश्व कुश्ती प्रतियोगिता जीतकर पहली भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया था। कल हुए फाइनल मुकाबले में पंघाल ने मध्य प्रदेश की प्रियांसी प्रजापति को हराया। गुजरात की हिना खलीफा और महाराष्ट्र की स्वाती संजय ने इसी वर्ग में कांस्य पदक जीते।
इस बीच, ओलिम्पियन जिम्नास्ट प्रणति नायक ने वडोदरा के समा इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो स्वर्ण पदक जीते।
पश्चिम बंगाल की प्रणति ने पहला स्वर्ण सवेरे अन-ईवन बार्स में जीता जबकि दूसरा स्वर्ण शाम को फ्लोर एक्सरसाइज में हासिल किया।
पुरुषों की 200 मीटर साइकिलिंग में रोनाल्डो सिंह, डेविड बेकहम और एसो एल्बेन ने पदक जीते।
राष्ट्रीय खेलों में, 23 स्वर्ण, 14 रजत और 14 कांस्य सहित 51 पदकों के साथ सर्विसेज़ पदक तालिका में सबसे आगे है। इसके बाद हरियाणा ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 11 कांस्य सहित 49 पदक प्राप्त किए हैं। उत्तर प्रदेश ने 13 स्वर्ण, 9 रजत और 8 कांस्य पदक जीते हैं जबकि तमिलनाडु ने 12 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य पदक जीते हैं।
राष्ट्रीय खेल 2022 का समापन इस महीने की 12 तारीख को होगा।