भारत विश्व में क्रायोजेनिक इंजन का स्वदेश में निर्माण करने वाला छठा देश बन गया है- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के एकीकृत क्रायोजेनिक इंजन निर्माण संयंत्र का किया उद्घाटन
समग्र समाचार सेवा
बेंगलुरु, 27सितंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज बेंगलुरु में हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के एकीकृत क्रायोजेनिक इंजन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में दक्षिणी क्षेत्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत विश्व में क्रायोजेनिक इंजन का स्वदेश में निर्माण करने वाला छठा देश बन गया है। क्रायोजेनिक इंजन का इस्तेमाल भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के उपग्रह प्रक्षेपण में किया जाता है।
राष्ट्रपति ने देश को आत्मनिर्भर बनाने में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो और हिन्दुस्तान एरोनोटिक्स लिमिटेड – एचएएल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने वैज्ञानिकों का आह्वान किया कि वे अमृतकाल समय में देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने देश में ही चीजों का उत्पादन कर देश को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता दिखाया। जिस तरह से कोरोना की रोकथाम के लिए स्वदेश में ही टीके बनाने का प्रयास किया गया और सबसे बडा टीकाकरण अभियान चलाया। राष्ट्रपति ने कहा कि अनुसंधान और विकास कार्य निरन्तर जारी रहने चाहिएं।
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार और कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर के सुधाकर इस अवसर पर मौजूद थे।
बता दें कि वर्ष 2013 में एचएएल के एयरोस्पेस डिवीजन में क्रायोजेनिक इंजन मॉड्यूल के निर्माण की सुविधा स्थापित करने के लिए इसरो के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया था। इसके बाद इसमें 208 करोड़ रुपये के निवेश के साथ आईसीएमएफ की स्थापना के लिए 2016 में संशोधन किया गया।
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने 208 करोड़ रुपये की लागत से एक इंटिग्रेटेड क्रायोजेनिक इंजन बनाने के संयंत्र (ICMF) का निर्माण किया है। इस इकाई में एचएएल इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन यानी इसरों के लिए रॉकेट का इंजन बनाने का कार्य करेगी। इस खबर के सामने आने के बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के दौरान कंपनी के शेयर 3.16 फीसदी की कमजोरी के साथ 3360.65 रुपये के लेवल पर कारोबार करता दिखा।